राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के सदस्यों के खिलाफ फिर कार्रवाई शुरू की है। खबरों के मुताबिक मप्र, उप्र और बिहार में एक दर्जन से ज्यादा स्थानों पर जांच एजेंसी ने रेड की है। संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं की तलाश हो रही है। इसी सिलसिले में एनआईए रतलाम पहुंची। यहां सुफा संगठन गुर्गों की संपत्ति की जांच की जा रही है।
पिछले साल जयपुर में आतंकी साजिश के लिए विस्फोटक ले जाते हुए आतंकी गिरफ्तार हुए थे । साजिश के तार सुफा संगठन से जुड़े थे। बिहार में 12, उत्तरप्रदेश में 2, पंजाब के लुधियाना और गोवा में 1-1 स्थान भी जांच में शामिल हैं। मप्र में खंडवा और उज्जैन में भी रेड की खबर है। हालांकि, खंडवा पुलिस का कहना है कि ऐसे ऑपरेशन में लोकल पुलिस को भी शामिल किया जाता है, लेकिन अभी तक हमसे कोई संपर्क नहीं किया गया है।
कैश के लिए मप्र सरकार बना रही गाइडलाइन
अब नकद रुपये लाने और ले जाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार नई गाइडलाइन बनाने जा रही है। इसका मकसद लूटपाट की घटनाओं पर लगाम लगाना है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसीज के कैश ट्रांसपोर्टेशन के लिए सरकार गाइडलाइन बनाने जा रही है। प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। अब इसमें प्रशिक्षित जवान तैनात रहेंगे। इन्हें प्रशिक्षण का पात्रता प्रमाणपत्र लेना होगा। विशेष रूप से डिजाइन की गई वैन में ही कैश ट्रांसपोर्टेशन की अनुमति दी जाएगी।