देश में आईटी कंपनियों में साल 2022 में शुरू हुआ छंटनियों का दौर 2023 में भी बदस्तूर जारी है। हालांकि आईटी इंडस्ट्री में कोविड- 19 महामारी के शुरुआती दिनों से ही तेजी से नौकरियों में कटौती शुरू हो गई थी। कंसल्टिंग फर्म चैलेंजर, ग्रे एंड क्रिसमस इंक के अनुसार नवंबर महीने के उपलब्ध आंकड़े बताते हैं कि इस क्षेत्र ने 52,771 छंटनी की। जबकि 2022 में कुल 80,978 लोगों को नौकरी गंवानी पड़ी। 

फर्म की ओर से वर्ष 2000 में छंटनी डेटा संग्रह की शुरुआत के बाद नवंबर महीने का छंटनी का आंकड़ा सबसे बड़ा रहा है। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार मेटा, अमेजन, एचपी और ट्विटर जैसी दिग्गज कंपनियां भी बड़ी मात्रा में कर्मचारियों को बर्खास्त कर रही हैं। दुनिया भर में कम से कम 853 टेक्नोलॉजी कंपनियों ने अब तक लगभग 137,492 कर्मचारियों की छंटनी की है।

शेयरों के भाव भी लुढ़के

आय से जुड़े हालिया रिपोर्ट्स में अल्फाबेट इंक, मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक, माइक्रोसॉफ्ट कॉर्प और अन्य कंपनियां अपने निर्धारित लक्ष्यों से चूक गए हैं। इन रिपोर्टस के बाद कंपनियों के शेयरों के भाव भी लुढ़क गए। अमेजन और सेल्सफोर्स जैसी कंपनियों का हाल और बुरा है। ऐसे में कंपनियों ने बड़ी छंटनी की घोषणा की है।