दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 16 वर्षीय एक लड़की की हत्या के एक दिन बाद, दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने खुलासा किया कि 20 वर्षीय आरोपी साहिल ने... नृशंस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था। इतना ही नहीं साहिल ने उत्तरप्देश के बुलंदशहर पहुंचने के लिए दो बसें बदली थीं।

सूत्रों ने कहा कि साहिल को दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया था और अब पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस सूत्रों ने कहा, "लड़की की हत्या करने के बाद आरोपी साहिल रिठाला गया, हथियार फेंका और बुलंदशहर पहुंचने के लिए दो बसें बदलीं।"

घटना के एक सीसीटीवी फुटेज में, साहिल को कथित तौर पर लड़की पर चाकू से कई बार वार करते हुए देखा जा सकता है और जब वह जमीन पर गिर गई तब भी उसने चाकू से वार करना जारी रखा। उसने लड़की को लात मारी और फिर पास में पड़ा एक पत्थर उठाकर उसके सिर को कुचल दिया। 

साहिल जब बारदात को अंजाम दे रहा था उस दौरान वहां से कई लोग आ-जा भी रहे थे। यह सब CCTV फुटेज में साफ देका जा सकता है, कि किस तरह लोग साहिल को बिना कुछ कहे वहां से निकलते रहे।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि घटना के वक्त पीड़िता के पास मोबाइल फोन नहीं था।घटना के करीब 10 मिनट बाद स्थानीय लोगों ने बीट थानाध्यक्ष को घटना की जानकारी दी और पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नाबालिग के साथ रिश्ते में था, लेकिन रविवार की रात उनका झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने कई बार वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने कहा कि उसने मामले में शाहबाद डेयरी पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 के तहत FIR दर्ज की है।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने पुलिस आयुक्त, दिल्ली को मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करने और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए पत्र लिखा था। आयोग ने मामले की जांच के लिए सदस्य डेलिना खोंगडुप की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम का गठन भी किया है।