भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को ओडिशा के पुरी में झामू यात्रा में पूजा की। इस बीच वह करीब 10 मीटर तक जलते अंगारों पर नंगे पैर दौड़े भी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपना 24 सेकेंड का वीडियो शेयर किया है।
वीडियो में अंगारों पर दौड़ने के दौरान उनके चेहरे पर मुस्कान देखी जा सकती है। गांव वाले भी उन्हें देखकर काफी खुश नजर आ रहे हैं। उन्होंने पूजा के बाद कहा कि उन्होंने लोगों के कल्याण और क्षेत्र में शांति के लिए मां से आशीर्वाद भी मांगा है।
पात्रा ने मंगलवार को ट्विटर पर लिखा- शक्ति पूजा हमारी सनातन संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा है, पुरी जिले की समंग पंचायत के रेबती रमण गांव में आयोजित यह दंड और झामू यात्रा इसी प्राचीन परंपरा का प्रतीक है। इस तीर्थ यात्रा में अग्नि पर चलकर, पूजा-अर्चना कर और माता का आशीर्वाद प्राप्त कर मैं अपने आप को धन्य महसूस कर रहा हूं।
जामू यात्रा परंपरा के अनुसार, यह एक तपस्या है जिसमें भक्त आग पर चलते हैं या अपनी इच्छाओं को पूरा करने और देवी मां को प्रसन्न करने के लिए खुद को कीलें छेदकर या अंगारों पर नंगे पांव चलकर यातना देते हैं।