एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। विमान में सवार एक महिला यात्री को बिच्छू ने काट लिया। हालांकि, बताया जा रहा है, कि उनकी हालत ठीक है। यह घटना पिछले महीने 23 अप्रैल को नागपुर-मुंबई फ्लाइट एआई 630 में हुई थी। घटना के समय विमान उड़ान भर रहा था। जैसे ही बिच्छू ने डंक मारा, चालक दल के सदस्य ने घटना की सूचना मुंबई हवाई अड्डे को दी और एक डॉक्टर को स्टैंडबाय पर रहने के लिए कहा गया।
एयर इंडिया ने घटना पर दुख जताया है। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, “हमारी उड़ान में सवार एक यात्री को बिच्छू के काटने की एक बहुत ही दुर्लभ और दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई थी। जैसे ही विमान उतरा, एक डॉक्टर ने यात्री का इलाज किया और बाद में उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल भेज दिया। हालांकि, यात्री को अब अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
एयर इंडिया ने कहा- हमारी टीम ने प्रोटोकॉल का पालन किया। हमारे अधिकारी महिला के साथ अस्पताल गए और यात्री को छुट्टी मिलने तक हर संभव सहायता प्रदान की। घटना की जानकारी मिलने के बाद एयर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम ने विमान का गहन निरीक्षण किया। विमान में कीटनाशक गैस छोड़ी गई, जिससे बिच्छू की खोज हुई। यात्रियों को हुई असुविधा और असुविधा के लिए हमें खेद है।”