कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अब पूरे शबाब पर आता जा रहा है। प्रचार में अब ज़ुबानी जंग भी जमकर देखी जा रही है। शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने धारवाड़ में जनसभा को संबोधित किया और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। 

अपने सम्बोधन में अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार किया। अमित शाह ने कहा कि पूरी दुनिया हमारे पीएम मोदी जी की प्रशंसा करती है लेकिन कांग्रेस का स्तर और उसका नेतृत्व देखिए, मोदी जी के बारे में इसके नेताओं की टिप्पणी बेहद शर्मनाक है।                                                                   https://twitter.com/AmitShah/status/1651890672457138178?s=20

शाह ने आगे कहा कि उन्होंने मोदी जी को 'जहरीला सांप' कहा. क्या आप ऐसी पार्टी को राज्य का नेतृत्व करा सकते हैं? कभी नहीं। कांग्रेस अध्यक्ष मोदी जी की तुलना काले सांप से करते हैं। कभी ये कांग्रेस वाले कहते हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी। सोनिया गांधी कहती हैं मौत का सौदागर। प्रियंका गांधी कहती हैं नीच जाति के लोग। कांग्रेस वालों… आपकी मति मारी गई है. मोदी जी को आप जितनी गाली दोगे, कमल उतना खिलेगा। 

गृह मंत्री ने कहा कि मोदी जी भारत के एकमात्र ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने एक गरीब परिवार में जन्म लिया है और एक चायवाले के बेटे हैं. एक गरीब परिवार में पलने से लेकर देश के करोड़ों गरीबों की सेवा करने और उनका कल्याण करने तक, उनकी जीवन यात्रा गौरवशाली रही है।