बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए 'सांप' और 'नालायक' जैसे अपमानजनक शब्दों  का इस्तेमाल करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके बेटे प्रियांक खड़गे पर पलटवार किया है। 

हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर कहा कि जब भी कांग्रेस इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करती है तो बीजेपी के लिए लोगों का प्यार बढ़ता है और कर्नाटक में भी ऐसा ही है,यही होगा।

बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान ये बात कही है। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, कि 'बीजेपी प्रचार के इतने निचले स्तर पर नहीं उतरती है। प्रधानमंत्री ने भारत को गौरवान्वित किया है, गरीबों के जीवन स्तर में सुधार किया है, अर्थव्यवस्था में सुधार किया है, देश की सुरक्षा को बनाए रखा है। उनके लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल निश्चित रूप से मतदाताओं को प्रभावित करेगा।

बता दें कि कलबुर्गी की चित्तपुर सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस विधायक प्रियांक खड़गे ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री को 'नालायक' कहा था। भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जबकि कांग्रेस ने दावा किया कि ऐसी कोई टिप्पणी नहीं की गई।

प्रियांक की कथित टिप्पणी उनके पिता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पीएम मोदी को 'जहरीला सांप' कहे जाने के कुछ दिनों बाद आई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि विपक्षी नेता अपने बॉस को खुश करने के लिए प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोमई ने कहा, 'चुनाव हारने के डर से प्रियांक बौखला गए हैं। कुछ दिन पहले उनके पिता ने अपने शब्द वापस ले लिए थे, अब उनकी बारी है। अन्यथा जनता तो उन्हें सबक सिखाएगी ही।