पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल एंटनी गुरुवार को बीजेपी में शामिल हो गए। केरल कांग्रेस सोशल मीडिया टीम के पूर्व संयोजक अनिल एंटनी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, वी मुरलीधरन, केरल बीजेपी अध्यक्ष के सुरेंद्रन की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए।
इस दौरान अनिल एंटनी ने कहा कि एक भारतीय युवा होने के नाते मुझे लगता है कि यह मेरी जिम्मेदारी और कर्तव्य है कि मैं प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के विजन में योगदान दूं। 2002 के गुजरात दंगों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर BBC की एक डॉक्यूमेंट्री के विवाद के बाद अनिल एंटनी ने पिछले साल जनवरी में कांग्रेस छोड़ दी थी।
उन्होंने डॉक्यूमेंट्री को भारतीय संस्थानों के विचारों पर खतरनाक प्रवृत्ति का बताते हुए कहा कि इससे देश की संप्रभुता प्रभावित होगी। उन्होंने BBC की डॉक्यूमेंट्री को भारत के खिलाफ पक्षपाती करार दिया। इस प्रतिक्रिया के बाद उन्हें कांग्रेस के भीतर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
इसके बाद उन्होंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। अनिल एंटनी के पिता एके एंटनी कांग्रेस सरकार में केंद्रीय रक्षा मंत्री थे। इसके अलावा वे केरल के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। एके एंटनी का नाम बड़े नेताओं में माना जाता है।
पार्टी छोड़ने से पहले अनिल एंटनी केरल में कांग्रेस का सोशल मीडिया सेल चला रहे थे। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उनका भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि अनिल एंटनी बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। जब मैंने अनिल एंटनी की साख देखी तो मैं बहुत प्रभावित हुआ। उनके विचार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलते जुलते हैं। हमें विश्वास है कि वह बहुत सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे और दक्षिण भारत में भाजपा के पदचिह्न को बढ़ाने में मदद करेंगे।