वंदे भारत एक्सप्रेस पर एक बार फिर पथराव की घटना सामने आई है। इस बार मामला आंध्र प्रदेश से सामने आ रहा है। बड़ी बात यह है कि जिस वंदे भारत एक्सप्रेस को पत्थरबाजों ने निशाना बनाया उसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 19 जनवरी को हरी झंडी दिखाने वाले हैं।

ट्रेन पर पथराव की घटना विशाखापत्तनम में हुई। जिससे ट्रेन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। पथराव विशाखापत्तनम के कांचरापलेम के पास हुआ। 

मंडल रेल प्रबंधक अनूप कुमार सत्पथी के मुताबिक़ पथराव की घटना में खिड़की के 2 शीशे पूरी तरह से टूट गए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों की तलाश जारी है। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले हावड़ा और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पर मालदा के कुमारगंज स्टेशन के पास कुछ अराजक तत्वों ने पथराव किया था। पथराव की घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई थी। रेलवे ने घटना को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।