शरद पवार की एनसीपी में अब दो कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले का नाम भी शामिल है। वहीं, दूसरा नाम प्रफुल्ल पटेल का है। शरद पवार ने यह ऐलान पार्टी के 25वें स्थापना दिवस पर किया। एनसीपी में शरद पवार के भतीजे अजित पवार को यह अहम पद न देना अपने आप में कई सियासी संकेत दे रहा है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में शनिवार को हुए इस बदलाव के साथ ही सुप्रिया को महाराष्ट्र, पंजाब और हरियाणा की जिम्मेदारी दी गई है। भतीजे अजीत पवार को कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है। वहीं प्रफुल्ल पटेल को मध्य प्रदेश, राजस्थान और गोवा की जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी में बड़े बदलाव पर अजित पवार की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। अजित पवार ने ट्वीट करते हुए कहा, "राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की 24वीं वर्षगांठ पर सांसद प्रफुल्लभाई पटेल और सांसद सुप्रियाताई सुले को माननीय शरद को माननीय शरद चंद्र पवार के मार्गदर्शन में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में चुना गया। चुने सभी साथियों को बधाई! उम्मीद है कि माननीय महोदय द्वारा दी गई जिम्मेदारी को सभी साथी सफलतापूर्वक पूरा करेंगे।

इससे पहले 2 मई को शरद पवार ने NCP का अध्यक्ष पद छोड़ दिया था लेकिन 4 दिन में ही अपना इस्तीफा वापस भी ले लिया था। उन्होंने 6 मई को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि मैं पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की भावनाओं का अपमान नहीं कर सकता। मैं कोर कमेटी में लिए गए फैसले का सम्मान करता हूं और अपना फैसला वापस लेता हूं। अजित पवार इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद नहीं थे।