मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। जब ऐसा लगने लगता है कि सरकार और आम जनता ने तनाव को शांत कर दिया है। बस फिर से हिंसा शुरू हो जाती है। बुधवार को पुलिस ने बताया कि फायरिंग की घटना इंफाल पूर्वी जिले के खमेनलोक इलाके में देर रात हुई। हिंसा में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए।

पुलिस ने कहा कि सशस्त्र आतंकवादियों ने इंफाल पूर्वी जिले और कांगपोकी जिले की सीमा से लगे खमेनलोक इलाके में ग्रामीणों को घेर लिया और देर रात करीब एक बजे हमला किया।

जिससे नौ लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। घायलों को इंफाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह क्षेत्र मैतेई-बहुल इंफाल पूर्वी जिले और आदिवासी बहुल कांगपोकपी जिले की सीमा में है।

सोमवार को भी इसी इलाके में फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें नौ लोग घायल हो गए थे। सोमवार देर रात विद्रोही संगठन और ग्रामीणों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें दोनों पक्षों के 9 लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इससे पहले तीन लोगों के घायल होने की खबर थी। हालांकि, जैसे-जैसे गोलीबारी जारी रही, घायलों की संख्या नौ तक पहुंच गई।