कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तूफानी प्रचार दिखाई दे रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को चित्रदुर्ग में जनसभा को संबोधित किया। अपने सम्बोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखे हमले किये।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास आतंक और आतंकवादियों के तुष्टिकरण का है। जब दिल्ली में बाटला हाउस एनकाउंटर हुआ तो कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता के आंखों में आतंकियों के मर जाने की खबर सुनकर आंसू आ गए थे। जब सर्जिकल स्ट्राइक और एयरस्ट्राइक हुई तो कांग्रेस ने देश की सेनाओं के सामर्थ्य पर ही सवाल खड़ा कर दिया।
अपनी सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा ने किसानों के बच्चों की पढ़ाई के लिए 'रायता विद्या निधि' की शुरूआत की है।
आदिवासी साथियों के लिए 400 से अधिक एकलव्य मॉडल स्कूल बनाए। कांग्रेस सरकार ने तो बच्चों की यूनिफॉर्म में भी घोटाला कर दिया था। https://twitter.com/BJP4India/status/1653282675875262464?s=20
जानिए पीएम मोदी के सम्बोधन की बड़ी बातें-
-कांग्रेस ने अपनी वारंटी खो दी है, कांग्रेस की वारंटी खत्म हो चुकी है, कांग्रेस की विश्वसनीयता खो चुकी है। ऐसे में बिना वारंटी वाली कांग्रेस की गारंटी भी उतनी ही झूठी है और झूठी गारंटियों का कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड बहुत पुराना है। https://twitter.com/BJP4India/status/1653289668103004160?s=20
-भाजपा सरकार ने गरीबों की एक और चिंता का समाधान किया है। हमारी सरकार मेडिकल से लेकर इंजीनियरिंग तक की पढ़ाई स्थानीय भाषा में कराने पर जोर दे रही है। इससे गांव गरीब के युवाओं को विशेष लाभ होगा।
-कांग्रेस कभी भाजपा के विकास कार्यों का मुकाबला कर ही नहीं सकती। कांग्रेस ने 2014 से पहले के 10 वर्षों में जितने मेडिकल कॉलेज बनाए, भाजपा सरकार ने उससे दोगुने मेडिकल कॉलेज सिर्फ 9 वर्षों में बना डाले।
-कर्नाटक के लोगों को कांग्रेस और जेडीएस दोनों से सावधान रहना है। कांग्रेस और जेडीएस दिखावे के लिए दो दल हैं, लेकिन दिल से और अपनी करतूतों से ये दोनों एक ही हैं। ये दोनों परिवारवादी हैं, दोनों भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं और दोनों समाज को बांटने की राजनीति करते हैं। इन दोनों दलों की प्राथमिकता कर्नाटक का विकास नहीं है।
-आजादी के 'अमृतकाल' में कनार्टक का ये पहला चुनाव है। ये चुनाव कर्नाटक को नंबर वन राज्य बनाने का चुनाव है। ये चुनाव तय करेगा कि आने वाले 25 वर्षों में कर्नाटक विकास की किस उंचाई पर होगा। इसलिए भाजपा सरकार दोबारा बनाना है, डबल इंजन की सरकार को लाना है।