भाजपा के शीर्ष नेताओं के मप्र दौरा की शुरूआत आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बालाघाट से हो रही है। फिर पीएम नरेंद्र मोदी भी 27 को शहडोल व भोपाल आयेंगे। इनके अलावा जेपी ना व स्मृति ईरानी के दौरे भी हैं। मप्र से पहले आज शाह दुर्ग भी पहुंचे। 

जाहिर तौर पर शाह का दौरा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के नौ वर्ष पूर्ण होने पर देश भर में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत है मगर भाजपा की नजर सीधे आदिवासी क्षेत्रों पर है। मप्र में भाजपा आदिवासियों के वोट फिर चाहती है जो पिछली बार कांग्रेस के पास चले गये थे। भाजपा नेताओं के दौरों को लेकर सरकार से लेकर भाजपा का संगठन तैयारियों में जुटे हैं।

बिगड़े हुए हैं समीकरण

जानाकरों का कहना है कि शाह के दौरे के जरिये भाजपा महाकोशल के बिगड़े समीकरणों को साधने की कोशिश में है। लिहाजा शाह के इस दौरे को भाजपा की चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। वे पहले छिंदवाड़ा और सतना प्रवास पर आ चुके हैं। सतना में वह शबरी जयंती पर आयोजित कोल समाज के सम्मेलन में शामिल हुए थे। 

माना जा रहा है कि महाकोशल क्षेत्र के समीकरणों को साधने के लिए सम्मेलन में शाह को बालाघाट आमंत्रित किया गया है। इसका लाभ आदिवासी वोट के रूप में पार्टी को मिलेगा। भाजपा का परंपरागत गढ़ माने जाने वाले महाकौशल क्षेत्र में पार्टी को नगरीय निकाय चुनाव में झटका लगा है। चूंकि बालाघाट मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित है, इसके आसपास के जिले सिवनी और छिंदवाड़ा भी आदिवासी बहुल हैं।

यात्राओं को रवाना करेंगे शाह

शाह बालाघाट में शाम 4 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। फिर 4.20 बजे बालाघाट से वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा का आरंभ करेंगे। इस मौके पर वे जनसभा को भी संबोधित करने वाले हैं। शाम 5.25 बजे शाह प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन एवं पूजा करने के बाद 5.55 बजे नागपुर के लिए रवाना होंगे। दुर्गावती गौरव यात्रा आज 5 क्षेत्रों से भी शुरु होगी। यह बालाघाट से शहडोल, छिंदवाड़ा से शहडोल, सिंगरामपुर से शहडोल, कलिंजर फोर्ट (उप्र) से शहडोल और धौहनी ( सीधी से शहडोल) तक यात्रा निकाली जाएगी। 

27 जून को शहडोल में प्रधानमंत्र नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में कार्यक्रम का समापन होगा। सिकलसेल एनीमिया बीमारी से मुक्ति का कार्यक्रम भी लॉन्च किया जाएगा। प्रधानमंत्री प्रतीकात्मक रूप से मध्यप्रदेश में एक करोड़ आयुष्मान कार्ड का वितरण करेंगे।