टमाटर के दाम इन दिनों आसमान छू रहे हैं। टमाटर की कीमत बढ़ने के बाद मुनाफाखोरों ने इसकी कालाबाजारी भी शुरू कर दी है। क़ीमतें बढ़ने के कारण लोगों ने टमाटर की खरीदारी भी कम कर दी है। बाजारों में टमाटर की कीमत 140 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
ऐसे में आम लोगों की सब्जियों का स्वाद भी बिगड़ गया है। इस बीच कालाबाजारी के बाद टमाटर की फसल की चोरी के मामले भी सामने आने लगे हैं। ताजा मामला कर्नाटक के हासन जिले से सामने आया है। जहां एक किसान के खेत से चोरों ने टमाटर की खड़ी फसल चुरा ली।
एक महिला किसान ने आरोप लगाया कि 4 जुलाई की रात को कर्नाटक के हासन जिले के हलेबिदु पुलिस स्टेशन के तहत उसके खेत से 2.5 लाख रुपये के टमाटर चोरी हो गए। महिला किसान धरानी ने आरोप लगाया कि उसने कर्ज लेकर 2 एकड़ जमीन पर टमाटर की खेती की थी। अब जब टमाटर की फसल कटाई के लिए तैयार थी और इसे बाजार में ले जाने की योजना बनाई गई थी इसके पहले ही चोर पूरी टमाटर की फसल ले उड़े।
महिला किसान ने कहा कि बेंगलुरु में टमाटर 120 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। उनका कहना है कि सेम की फसल तैयार करने में भी उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा। वहीं टमाटर उगाने के लिए उन्हें कर्ज लेना पड़ा। उनकी इस बार की टमाटर की फसल बहुत अच्छी थी और बाजार में टमाटर की कीमत अधिक होने के कारण उन्हें अच्छा मुनाफा होने की उम्मीद थी।
लेकिन चोर 50-60 बोरी टमाटर चुराकर ले गए। इतना ही नहीं चोरों ने बाकी फसल भी नष्ट कर दी। महिला किसान धारानी का कहन् है, कि इस मामले में हेलेबिदु पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करायी गयी है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।