रिलायंस एडीए समूह के अध्यक्ष अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी विदेशी मुद्रा नियमों के कथित उल्लंघन से संबंधित मामले में ED के सामने पेश हुईं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जांच के संबंध में अपना बयान दर्ज करवाने के लिए वे मुंबई में ED के सामने पेश हुईं।
अनिल अंबानी विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम 1999 (फेमा) की कई धाराओं के तहत दर्ज एक मामले में अपना बयान देने के लिए बैलार्ड एस्टेट क्षेत्र में संघीय एजेंसी के कार्यालय में पहले ही उपस्थित हो चुके हैं। ED इस सप्ताह के अंत में फिर से प्रक्रिया पूरी करेगा। 64 साल के अनिल अंबानी साउथ मुंबई में ED के कार्यालय में पेश हुए, वह सुबह करीब 10 बजे पहुंचे और शाम 6 बजे चले गए।
सूत्रों के अनुसार, जांच विदेश में कथित तौर पर अघोषित संपत्ति रखने और कपल द्वारा धन की आवाजाही के इर्द-गिर्द घूमती है। ED जर्सी, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड और साइप्रस में स्थित ऑफशोर कंपनियों से अनिल अंबानी के कथित संबंधों की जांच कर रही है।
इससे पहले, 2020 में, यस बैंक के प्रमोटर राणा कपूर और अन्य से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एजेंसी ने उनसे पूछताछ की थी। पिछले साल अगस्त में आयकर विभाग ने काला धन विरोधी कानून के तहत अनिल अंबानी को नोटिस जारी किया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उन्होंने दो स्विस बैंक खातों में रखे गए ₹814 करोड़ से अधिक की अघोषित धनराशि पर ₹420 करोड़ की कर चोरी की है। मार्च में, बॉम्बे हाई कोर्ट ने आयकर कारण बताओ नोटिस और जुर्माने की मांग पर अंतरिम रोक लगा दी थी।