बिहार में एक बार फिर सियासी उठापटक शुरू हो गई है। लम्बे समय से नाराज चल रहे उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को जेडीयू का साथ छोड़ दिया। उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू को छोड़ने के साथ ही नई पार्टी बनाने का ऐलान भी कर दिया। 

उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी का नाम 'राष्ट्रीय लोक जनता दल'  रखा है और वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। बड़ी बात यह है कि उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू से किनारा करने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की। 18 साल में ये तीसरी बार है जब उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश का साथ छोड़ा है। दूसरी बार उन्होंने अपनी नई पार्टी बनाई है।

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मैं पार्टी की तमाम जिम्मेदारियां छोड़ रहा हूं। कुशवाहा ने यह भी  कहा कि विपक्षी पार्टियों में एकता नहीं है और ऐसे में पीएम मोदी के लिए 2024 में जीतना आसान होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाना बनाते हुए कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने शुरूआत में अच्छा किया, लेकिन अंत में जिस रास्ते पर उन्होंने चलना शुरू किया वह उनके और बिहार के लिए बुरा है। 

उपेंद्र कुशवाहा ने अब तक 9 बार चुनाव लड़ा। जिसमें 7 बार वह चुनाव हारे हैं। महज दो बार ही उन्होंने चुनाव जीता है। JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कुशवाहा को लेकर कहा कि सुना है वो नई पार्टी बना रहे हैं। उन्हें हमारी ओर से शुभकामनाएं हैं।