भारत के स्टार पहलवान बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट और केंद्रीय खेल मंत्रालय के बीच बैठक खत्म हो गई। बैठक के बाद बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ तौर पर कहा कि हम सिर्फ WFI प्रेसिडेंट बृजभूषण शरण का इस्तीफा नहीं चाहते हैं। हम चाहते हैं कि फेडरेशन को भंग किया जाए अगर सिर्फ इस्तीफा होगा तो यह फिर से अपने आदमी बिठा देंगे।
पहलवानों की ओर से चार लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया था, जिसमें बजरंग पुनिया भी शामिल थे। इस बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बजरंग पुनिया और विनेश ने कहा कि ‘हमारे साथ रेस्लिंग का पूरा हब बैठा हुआ है और अपने भविष्य के लिए सब लड़ रहे हैं। हमारे पास सबूत के साथ पांच से छह लड़कियां है, जिनके आरोप है।
बजरंग और विनेश ने आगे कहा कि हमारी लड़ाई फेडरेशन के खिलाफ है न कि सरकार के खिलाफ। हमें जान का भी खतरा है, हमने पुलिस का प्रोटेक्शन भी नहीं ली है। सबूत को लेकर दोनों ने कहा कि जब शोषण होता है तो एक कमरे में होता है वहां कैमरे नहीं लगाए जाते हैं। वे लड़कियां भी हमारे साथ हैं जो इसे साबित कर सकती हैं।
22 जनवरी को इस्तीफे का एलान
भारतीय कुश्ती महासंघ की कार्यकारी समिति की और वार्षिक आम बैठक अब 22 जनवरी को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में होगी। बैठक में महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह भी हिस्सा लेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बृजभूषण शरण सिंह इस बैठक में अपने इस्तीफे का एलान कर सकते हैं।