योग गुरु बाबा रामदेव का विवादों से गहरा नाता है। अपने बड़बोले बयान को लेकर बाबा रामदेव एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। बाबा रामदेव ने कहा है, कि आयुर्वेद गंभीर से गंभीर बीमारियों का इलाज कर सकता है। आयुर्वेद का भविष्य उज्ज्वल है। कहा जाता है कि गाय के दूध में बुद्धि बढ़ाने की क्षमता होती है। बाबा ने कहा कि गाय भी आयुर्वेद जितनी ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने आयुर्वेद को अन्य दवाओं से बेहतर बताते हुए कहा कि सामान्य बुखार से लेकर कोरोना तक का इलाज आयुर्वेद में बेहतर तरीके से संभव है। बाबा ने कहा कि वे किसी भी तरीके के विरोधी नहीं, बल्कि सभी के प्रति सहानुभूति रखते हैं।
उन्होंने आयुर्वेद के विद्यार्थियों को काम पर ध्यान देने पर जोर देते हुए कहा कि संगठित प्रयासों से वे एक दिन एलोपैथी को धरती में गाड़ देंगे। उन्होंने कहा हम योग, आयुर्वेद, स्वदेशी और सनातन का ऐसा परचम लहराएंगे कि सारी दुनिया उसके नीचे आ जाए।
बाबा रामदेव ने ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पशु चिकित्सा एवं आयुर्वेद संगोष्ठी के समापन पर यह बात कही। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद न केवल एक चिकित्सा पद्धति है बल्कि एक आदर्श जीवन जीने का एक तरीका भी है।