आइटी कंपनियों के समूह स्टार्ट इन इंदौर से इसे लेकर सुझाव मंगाए गए थे। समूह ने इस संबंध में प्रतिवेदन बनाकर कलेक्टर को सौंप दिया है..!
शहर में अनेक आईटी कंपनियां हैं जहां रातभर काम होता है इन कंपनियों में हजारों युवा काम करते हैं जोकि कुछ क्षेत्रों में रेस्त्रां, कैफे, सिनेमा, खेल गतिविधियां, संगीत कार्यक्रम रात में भी चाहते हैं। पब और डीजे आदि के लिए भी सुविधा चाहते हैं जिन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा आईटी और बीपीओ कंपनियां हैं इनमें विजय नगर, भंवरकुआं, 56 दुकान, इलेक्ट्रानिक्स कांप्लेक्स आदि शामिल हैं। यहां बाजारों को खोलने पर विचार हो रहा है। विजय नगर क्षेत्र में तो 20 से ज्यादा आइटी कंपनियां हैं यहां तीन-चार बड़े काल सेंटर भी हैं, जो 24 घंटे चालू रहते हैं। भंवरकुआं क्षेत्र के आइटी पार्क में भी कई आइटी कंपनियां हैं।
स्टार्ट इन इंदौर के सदस्यों का कहना है इन कंपनियों में हजारों महिला कर्मचारी भी हैं जो रात में भी कार्य करती हैं। रात में इन्हें खाने-पीने की सुविधा तक नहीं मिल पाती है। लंदन में कई क्षेत्र रात दो बजे तक खुले रहते हैं वहां कंपनियों में कार्य करने वाले कई कर्मचारी बाजारों में बड़ी संख्या में आते हैं, वहां अपना समय बिताते हैं आईटी कंपनियों का कहना है कि वैसा ही बेहतर वातावरण इंदौर में भी बनाने की कोशिश की जानी चाहिए।
इस संबंध में आइटी कंपनियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की कई बार बैठक भी हो चुकी है। चुनिंदा बाजारों को रात में 3 बजे तक खोलने की अनुमति देने पर विचार हो रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अगले 8—10 दिनों में इन क्षेत्रों में बाजारों को खोला जा सकता है। इस काम में पुलिस की सबसे अहम जिम्मेदारी होगी। यहां रेस्त्रां, कैफे, सिनेमा और अन्य सेवाएं शुरू होंगी।
कलेक्टर मनीष सिंह ने इस संबंध में बताया कि रात में कुछ बाजारों को खोलने के लिए शासन स्तर पर मंजूरी मिल गई है। इस संबंध में आइटी कंपनियों से प्रस्ताव मंगाए गए थे। अब आइटी कंपनियों और स्टार्टअप प्रतिनिधियों के साथ सांसद बैठक करेंगे और इसपर निर्णय लेंगे। इसमें नगर निगम और पुलिस का भी साथ लिया जाएगा।