बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राहुल और सोनिया गांधी को सार्वजनिक संदेश दिया है कि अगर 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष साथ मिलकर लड़े तो बीजेपी 100 से भी कम सीटों पर सिमट जाएगी. नीतीश कुमार ने पटना में चल रहे सीपीआई-एमएल के राष्ट्रीय कन्वेंशन के 11वें आम सभा में अपने संबोधन के दौरान यह बात कही.
उन्होंने कहा कि अगर हम सब मिल जाएं तो बीजेपी 100 से भी कम सीट पर सिमट जाएगी. मैंने दिल्ली जाकर सोनिया गांधी और राहुल से मुलाकात की थी. अब कांग्रेस को फैसला लेना है और अब उन्हें देरी नहीं करनी चाहिए.
बिहार में एकजुट हुईं विपक्षी पार्टियां-
नीतीश कुमार ने कहा कि 'हम इंतजार कर रहे हैं. दिल्ली गए और दोनों (राहुल-सोनिया) से मिले. कांग्रेस नेतृत्व से हमारी अपील है कि अगर सभी एकजुट हो गए तो भाजपा 100 से भी कम सीटों पर सिमट जाएगी. बिहार में विपक्षी दल मिलकर काम कर रहे हैं.
विपक्ष में पीएम पद के लिए कई दावेदार-
सीपीआई-एमएल के राष्ट्रीय कन्वेंशन में आरजेडी नेता और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि कांग्रेस को क्षेत्रीय पार्टियों को ड्राइविंग सीट पर आने देना चाहिए. तेजस्वी ने कहा कि जहां कांग्रेस सीधे मुकाबले में हैं, वहां वह टक्कर ले.
अगर हम इन बयानों के राजनीतिक मायने समझे तो कांग्रेस इस समय सबसे बुरे दौर में है. यही वजह है कि विपक्ष में पीएम पद के लिए कई दावेदार खड़े हो रहे हैं. सभी दल मिशन 2024 के लिए सक्रिय हो गए हैं.
नीतीश के बयान पर बीजेपी का पलटवार-
फ़िलहाल, इन सब के बीच बीजेपी की तरफ से रविशंकर प्रसाद ने नीतीश कुमार के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वो नहीं देख रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि बिहार तो उनसे संभलता नहीं. कांग्रेस तो उन्हें भाव नहीं दे रही है. इसके बाद भी वह लालू जी के चक्कर में फंस गए हैं और रात में सपने देखने लगे हैं.