सार
मध्यप्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर मुख्तार मलिक की झालावाड़ में मौत, दो दिन पहले गैंगवार में घायल होने के बाद था लापता। पुलिस सर्चिंग में घायल अवस्था में मिला था मुख्तार। अस्पताल में मौत।
विस्तार
मध्यप्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर मुख्तार मलिक की झालावाड़ में मौत होने की खबर है। दो दिन हुई फायरिंग के बाद मुख्तार मलिक लापता था। राजस्थान पुलिस जंगलों में उसे सर्च करी थी जहाँ उसके गंभीर हालत में मिलने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुँची जहाँ उसकी मौत हो गई।
मुख्तार मलिक की गैंग और राजस्थान की बंटी गैंग के बीच राजस्थान के झालावाड़ में फायरिंग हुई थी। इस दौरान मुख्तार गैंग के एक साथी की मौत हो गई थी और मुख्तार के घायल होने के बाद लापता होने की सूचना आई थी।
दोनों गैंग के बीच भीमसागर बांध के कैचमेंट एरिया में मछलियां पकड़ने को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि गैंगवार के समय मुख्तार गैंग के लोग जिस नाव में सवार थी वह डूब गई है।
गौरतलब है कि भोपाल निवासी मुख्तार मलिक ने भीमसागर बांध के नदी क्षेत्र में मछलियां पकड़ने का ठेका लिया है। मंगलवार देर रात मुख्तार मजदूरों के साथ कांस खेड़ली के पास कम गहरे पानी में नाव से पेट्रोलिंग कर रहा था। इस दौरान गांव के रहने वाले कुछ मछुआरों से उसका विवाद हो गया और फिर फायरिंग शुरू हो गई। सुबह नदी में एक युवक का शव मिला साथ ही नाव भी पलटी हुई थी।
मुख्तार के खिलाफ 70 से ज्यादा केस दर्ज़ हैं इनमें 50 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले हैं। इनमे हत्या और हत्या के प्रयास के केस भी दर्ज हैं। हाल ही में भोपाल के कोहेफिजा थाने में भी एक फायरिंग के केस में उसके खिलाफ नामजद रिपोर्ट की हुई थी।