भोपाल। मध्यप्रदेश में दो और नए मेडिकल कालेज खुलेंगे. प्रदेश सरकार की कैबिनेट की बैठक में यह फैसला हुआ है. बैठक मेंं अन्य कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. इसमें सीएम के स्वेच्छानुदान बढ़ोतरी की मंजूरी भी शामिल है. इसके अनुसार जरूरतमंदों की आर्थिक मदद के लिए अब सीएम को स्वेच्छानुदान राशि के रूप में 200 करोड़ रुपए मिलेंगे.

केबिनेट की बैठक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई. बैठक में बुदनी और उज्जैन में नए मेडिकल कालेज खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री का स्वेच्छानुदान अब प्रति वर्ष 200 करोड़ रुपये कर दिया गया है। विधायकों के स्वेच्छानुदान में भी बढ़ोतरी की गई है. विधायकों की स्वेच्छानुदान राशि अब 15 लाख रुपए की जगह 50 लाख रुपए प्रति वर्ष कर दी गई है।

दो साल पहले सीएम ने स्वीकृत की थी मांग
गौरतलब है कि उज्जैन में मेडिकल कालेज की पुरजोर मांग दो साल पहले सीएम के सामने उठी थी. 19 मई 2021 को उज्जैन में जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में सीएम शिवराजसिंह चौहान ने शहर में शासकीय मेडिकल कालेज खोले जाने की वर्षों पुरानी मांग को मंजूरी प्रदान कर दी थी। हालांकि मेडिकल कालेज की संबद्धता और स्थान को लेकर बहस छिड़ गई थी। विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति, शिक्षाविद् और भाजपा से जुड़े नेता व विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों का तर्क है कि मेडिकल कालेज को विश्वविद्यालय से ही संबद्धता प्राप्त होना चाहिए। इस बीच जिला प्रशासन ने कालेज भवन बनाने के लिए जमीन भी आरक्षित कर दी. चरक अस्पताल के नजदीक खाली पड़ी 400 करोड़ रुपये की जीनिंग फैक्ट्री वाली 4.934 हेक्टेयर जमीन मेडिकल कालेज के लिए आरक्षित कर रखी है।