कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों समाज के विभिन्न तबकों के बीच बैठकर हालातों को समझने की कोशिश के तहत आज सुबह अचानक हरियाणा के सोनीपत में रुके तथा पानी में डूबे खेतों में उतरकर उन्होंने किसानों के साथ खेतों में धान की रोपाई की। उन्होंने ट्रैक्टर चलाकर खेत की जुताई भी की। इस दौरान किसानों और खेत मजदूरों के साथ खेती-किसानी पर बातचीत भी की। राहुल ने किसानों के साथ ही बैठकर नाश्ता भी किया।
बताया जाता है कि राहुल दिल्ली से शिमला जा रहे थे। वे जीटी रोड पर कुंडली बॉर्डर पहुंचे तो किसानों के बीच जाने का इरादा कर लिया। उन्होंने सोनीपत के ग्रामीण इलाके का रुख किया। राहुल गांधी एनएच 48 से मुरथल होते हुए कुराड़ रोड से बाइपास रास्ते गोहाना की तरफ रवाना हुए। इसके बाद वे अपने रूट से हट कर करीब 50 किलोमीटर दूर बरोदा विधानसभा क्षेत्र के गांव मदीना में सुबह करीब 6:40 बजे पहुंचे गए। वे भैंसवान-मदीना रोड पर संजय के खेत में जा पहुंचे। इससे पहले वे ट्रक चालकों के साथ भी सफर कर चुके हैं, मोटर मैकेनिकों के बीच बैठ चुके हैं और रोजमर्रा के काम करने वालों के साथ भी चर्चा कर चुके हैं।
किसी को नहीं थी रुकने की सूचना
राहुल गांधी के सोनीपत खेत में रुकने का पता चलते ही बरोदा से कांग्रेस विधायक इंदूराज नरवाल और गोहाना के विधायक जगबीर मलिक भी वहां पहुंचे। नरवाल ने कहा कि उनके पास राहुल गांधी के आने की सूचना नहीं थी, लेकिन जैसे ही ग्रामीणों से उनको इस बारे में पता चला तो वे मिलने आ गए।