मध्यप्रदेश के ग्वालियर में 17 साल की छात्रा ने इंस्टा पर बर्थडे की तस्वीरें डालीं. कुछ मनचलों ने उसके ये फोटो एडिट यानि मॉर्फिंग कर न्यूड कर दिए. इन्हें सोशल मीडिया ग्रुप पर भी डाल दिया। अब परिवार ने SSP अमित सांघी से मामले की शिकायत की है। पुलिस ने सभी आरोपियों पर केस दर्ज किया है।

लड़की ने अपने बर्थडे सेलिब्रेशन के फोटो खुद के ही सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किए थे। इन्हीं फोटो के साथ मनचलों ने छेड़छाड़ कर उसे न्यूड बना दिया। यह छात्रा 12th में टॉपर रही है। भिंड की रहने वाली इस छात्रा ने 93% मार्क्स के साथ 12वीं पास की है। इस साल 12वी पास हुई छात्रा प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहती है। 

बताया जा रहा है कि यही वजह है कि परिवार ने आगे की पढ़ाई के लिए उसे ग्वालियर भेजा है। छात्रा शहर के उपनगर मुरार में किराए से रहती है। 15 जून को छात्रा का बर्थडे था। अपने ताऊ के बेटे के साथ उसने केक काटा था और फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिए। इसके कुछ ही घंटे बाद छात्रा के गांव के मनचलों ने ही इन फोटो को कॉपी कर लिया।

दूसरे ग्रुप्स में भी किए फोटो शेयर
एक वॉट्सऐप ग्रुप से छात्रा के एडिटेड अश्लील फोटो वायरल कर दिए. कुछ ही देर में गांव भर के वॉट्सऐप ग्रुप्स में ये वायरल हो गए। मनचलों ने दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी ये फोटो अपलोड कर दीं। छात्रा के परिवार को जब इसका पता चला तो उन्होंने अपने स्तर पर मामले के आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की। जब गांव में किसी ने भी जानकारी नहीं दी तो SSP से शिकायत की।

लड़की की एडिट फोटो शेयर होने के बाद गांव के ही कुछ युवक परिवार और लड़की की बदनामी कर रहे हैं। पुलिस को शक है कि फोटो एडिट कर शेयर करने वाला अभी तक पकड़े गए युवकों में से ही कोई एक या इनका साथी हो सकता है। पुलिस की परेशानी यह है कि फोटो शेयर करने वाले युवक की जानकारी ग्रुप का कोई भी सदस्य नहीं दे रहा, जबकि इस ग्रुप के सभी सदस्य एडमिन हैं। मुरार थाना पुलिस ने बताया कि कुछ संदेहियों से पूछताछ की जा रही है।