ओबीसी मामले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को ओबीसी महासभा ने नोटिस जारी किया है। नोटिस के हवाले से बताया गया है कि राहुल गांधी के मुद्दे पर जेपी नड्डा ने ट्वीट में ओबीसी महासभा का अपमान किया है। इसी ट्वीट को आधार मानकर महासभा राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य की ओर से जेपी नड्डा को नोटिस भेजा गया है।


नोटिस मिलने के 24 घंटे के भीतर जवाब देने की बात कही गई है। महासभा का तर्क है कि मोदी सरनेम ओबीसी के रूप में कहीं दर्ज नहीं है, यह न तो गुजरात और ना केंद्र सरकार की सूची में दर्ज है। राहुल गांधी ने सिर्फ मोदी शब्द का इस्तेमाल किया है, ना कि ओबीसी वर्ग का। 


लिहाजा इस विवाद में ओबीसी वर्ग को नहीं घसीटा जाए। महासभा राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य धर्मेंद्र कुशवाह ने कहा है राहुल ने जो कहा वह मोदी का अपमान है तो मैं यह नड्डा से पूछना चाहता हूं कि केंद्र की ओबीसी सूची में मोदी नाम नहीं है। 


गुजरात में जहां मोदी की जाति का कोई उल्लेख नहीं है तो क्या कारण है कि आप ओबीसी को एक ढोलक की तरह हर तरफ से बजा रहे हैं। जब अच्छाई की बात आती है तो ओबीसी जाति का कोई नाम कहीं नहीं लेते हैं।