भोपाल: राज्य के जल संसाधन विभाग ने गुजरात की एक कंपनी को एम्पेनलमेंट कर उपकृत किया है। मुख्य अभियंता (बोधी) जल संसाधन विभाग भोपाल दीपक सातपुते ने आदेश जारी कर कहा है कि मेसर्स आरबिट इंजीनियर्स के द्वारा वेंडर रजिस्ट्रेशन हेतु आवेदन ईमेल के माध्यम से प्राप्त हुआ था। फर्म से प्राप्त विभिन्न अभिलेखों के अध्ययन उपरांत फर्म की अहमदाबाद (गुजरात) स्थित फैक्ट्री यूनिट का निरीक्षण अधीक्षण यंत्री (विद्युत यांत्रिकी) मंडल, जल संसाधन विभाग, भोपाल तथा उपसंचालक, नहर (बोधी), जल संसाधन विभाग, भोपाल द्वारा किया गया।
निरीक्षण पश्चात् अधीक्षण यंत्री (वि./यां.) द्वारा अवगत कराया कि मेसर्स आरबिट इंजीनियर्स कंपनी में सभी प्रकार के वाल्व्स एण्ड गेट्स का निर्माण किया जाता है एवं उनके तीन यूनिट में विभिन्न प्रकार के वाल्व्स एण्ड गेट्स का कास्टिंग, मशीनिंग, पेंटींग असेम्बली एवं डिजायन का कार्य किया जाता है।
गत पांच वर्षों का इनके द्वारा जो कार्यों की लागत का विवरण दिया गया है, वह भी लगातार वृद्धि की ओर है एवं पांच वर्षों में इनका व्यवसाय करीब चार गुना बढ़ गया है। इनकी यूनिट में सभी प्रकार के वाल्व्स एण्ड गेट्स की टेस्टिंग करने की क्षमता है एवं पेंटींग का कार्य भी पर्यावरण के निर्देशों अनुसार कर रहे हैं। इसलिये भविष्य में आमंत्रित की जाने वाली निविदाओं के स्पेसिफिकेशन वाल्युम (वेण्डर लिस्ट) में जोडऩे की अनुशंसा की जाती है।
आदेश में कहा गया है कि विभागीय वेंडर लिस्ट में मेसर्स आरबिट इंजीनियर्स के नाम को सम्मिलित करते हुए ऑल टाईप्स ऑफ वाल्व्स एण्ड गेट्स के प्रदाय हेतु भविष्य में आमंत्रित की जाने वाली निविदाओं के स्पेसिफिकेशन वाल्युम में मेसर्स आरबिट इंजीनियर्स, 267/2, नियर बालकृष्ण टेक्स्टाईल्स यूनिट-2, बिहाईण्ड ईगल मोटर्स, नेशनल हाईवे नंबर 8, नोरल सरखेज रोड, अहमदाबाद, गुजरात-382405 को अधिकृत प्रदायकर्ता सूची में माना जाता है।