भोपाल: राज्य का स्वास्थ्य विभाग लोकायुक्त के निर्देश पर फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाने वालों की जांच करेगा। सभी जिला स्वास्थ्य अधिकारियों एवं अन्य कार्यालय प्रभारियों को भेजे परिपत्र में स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि लोकायुक्त जांच प्रकरण क्र. 996/16 में स्वास्थ्य संचालनालय स्तर से गठित जांच दल द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला दतिया के अभिलेखों से संग्रहित किये गये नियुक्ति/स्थानांतरण आदेश में सम्मिलित 119 संदिगों को सूचीबद्ध किये जाने के फलस्वरूप मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी जिला दतिया/संचालनालय द्वारा 64 संदिग्धों के अभिलेखों/दस्तावेजों के आधार पर तथ्यात्मक आदेश एवं प्रासंगिक कार्यवाही की जाकर लोकायुक्त को प्रतिवेदित किया गया है।

प्रकरण में 55 अन्य संदिग्धों के तारतम्य में लोकायुक्त द्वारा शीघ्रताशीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित किये जाने संबंधी निर्देश के अनुपालन में संदिग्धों को नियुक्ति/परिवीक्षा अवधि/ स्थानांतरण/भारमुक्त/कार्यभार ग्रहण करने एवं प्रशिक्षण आदि में सम्मिलित होने तथा तदाशय का प्रमाण-पत्र की स्पप्रमाणित प्रति संचालनालय को जारी होने की दिनांक से एक सप्ताह तक व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध कराये जाने हेतु कहा गया है।

परिपत्र में आगे कहा गया है कि शेष 55 संदिग्धों के सेवा अभिलेख आपके कार्यलय में उपलब्धता अनुसार संचालनालय को विशेष वाहक के जरिये तीन दिवस के भीतर अनिवार्यत: उपलब्ध कराया जाया, ताकि संबंधित संदिग्ध द्वारा प्रस्तुत किये गये दस्तावेजों की पुष्टि सेवा अभिलेख में अंकित टीप/प्रमाणिकरण के आधार पर की जाकर आवश्यक कार्यवाही की जा सके।