ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम)  के सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी मध्यप्रदेश में सियासी जमीन तलाशते रहे और बिहार में उनके चार विधायकों ने पाला बदल लिया। बुधवार को बिहार में ओवैसी की पार्टी के 4 विधायक राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में शामिल होने का ऐलान कर दिया है। इसके बाद बिहार में 80 विधायकों के साथ राजद सूबे की सबसे बड़ी पार्टी बन जाएगी। 

इधर बिहार के घटनाक्रम के बीच असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को भोपाल में मीडिया से बात की। ओवैसी की पार्टी ने प्रदेश के सात नगर निगमों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इन उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने भी ओवैसी मध्यप्रदेश पहुंचे हैं। मंगलवार को भोपाल में ओवैसी ने चुनावी सभा को भी संबोधित किया था और सभा में उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर हल्ला बोला था। मध्यप्रदेश में ओवैसी की एंट्री से राजनीति गरमाई हुई है। 

दूसरी ओर ओवैसी की पार्टी के चार विधायकों के राजद में शामिल होने से बिहार की राजनीति में तूफान आ गया है। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार दोपहर एआईएमआईएम के 4 विधायकों के साथ विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा से मुलाकात करने पहुंचे। उसके बाद ओवैसी की पार्टी के पांच में से चार विधायकों मुहम्मद इजहार अस्फी, शाहनबाज आलम, रुकनुद्दीन अहमद और अनजार नईमी ने राजद में शामिल होने का ऐलान कर दिया। 

 

बिहार में राजद अब सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। ओवैसी के 4 विधायकों के शामिल होने के बाद अब विधानसभा में राजद के सदस्यों की संख्या 80 हो जाएगी। इससे पहले मुकेश सहनी की पार्टी के विधायकों के शामिल होने के बाद भाजपा के सदस्यों की संख्या 77 हो गई थी। विधानसभा चुनाव में आरजेडी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और उसके 75 विधायक जीते थे वहीं बीजेपी ने 74 सीटों पर जीत दर्ज़ की थी