राहुल गांधी ने हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कहा था कि उन्होंने ‘राहुल गांधी को मार डाला’ और उन्हें अपनी छवि की परवाह नहीं है. उनके इस बयान पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने निशाना साधा है. ओवैसी ने हमला बोलते हुए कहा कि अगर राहुल मर गया है तो यात्रा में जो घूम रहा है वो जिन्न है क्या?

इस दौरान ओवैसी ने राहुल के सर्दियों में टी-शर्ट पहनने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि वह 50 साल के हैं और कहते हैं कि उन्हें ठंड नहीं लगती। साथ ही ओवैसी ने कांग्रेस को बीजेपी की बी टीम भी बताया। बता दें कि राजधानी समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी को होगी समाप्त-

भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई और 30 जनवरी 2023 को राहुल गांधी द्वारा श्रीनगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ समाप्त होगी। यह पदयात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से होकर गुजरी है।

यात्रा के समापन के लिए समान विचारधारा वाले 21 दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। हालांकि अरविंद केजरीवाल, एचडी देवेगौड़ा और ओवैसी जैसे करीब 8 राजनीतिक दलों के नेताओं को नहीं बुलाया गया है। भारत जोड़ो यात्रा 12 जनवरी को लुधियाना पहुंची। राहुल गांधी ने समाराला चौक पर एक सभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने अपने समर्थकों का शुक्रिया अदा किया। यात्रा अब 14 जनवरी को ​लुधियाना जिले से निकलकर लाडोवाल टोल प्लाजा से होकर अगले जिले में प्रवेश करेगी।