मध्यप्रदेश की व्यवसायिक राजधानी इंदौर में शनिवार रात एक छोटे से चूहे ने हजारों लोगों को परेशान कर दिया। इतना ही नहीं, चूहे के कारण कई लोगों की तो जान पर ही बन आई। यह माजरा शहर के महाराज तुकोजीराव होलकर (एमटीएच) अस्पताल में हुआ. रात को अस्पताल की बिजली बार-बार गई। बिजली का फाल्ट तलाशने के लिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी परेशान होते रहे। कई घंटों की मशक्कत के बाद पता चल सका कि इस परेशानी की वजह एक चूहा है।

दरअसल एक चूहा फीडर में घुस गया था और यहां वहां दौड़ रहा था. इससे फाल्ट आ रहा था जिसके कारण अस्पताल की बिजली बार—बार बंद हो रही थी। मेडिकल कालेज के डीन डा.संजय दीक्षित गड़बड़ी की सूचना मिलने पर खुद अस्पताल पहुंच गए। जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े तीन बजे इस चूहे को पकड़ा गया. इसके बाद ही सभी लोग राहत की सांस ले सके।

इस घटना के साथ ही कई विभागों की व्यवस्थाओं की कलई भी खुल गई. एमटीएच अस्पताल में बार-बार बिजली बंद होने की सूचना मिलने पर मेडिकल कालेज के अधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को फोन लगाया. जबकि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी कहते रहे कि यह हमारा काम ही नहीं. इसके लिए आप परियोजना कार्यान्वयन इकाई (पीआइयू) से बात करें।

सबसे बुरी बात तो यह है कि अगर यह चूहा कुछ घंटे और नहीं मिलता तो कई लोगों की जान खतरे में पड जाती. दरअसल एमटीएच अस्पताल में बिजली फीडर के साथ-साथ वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में जनरेटर भी है लेकिन इसकी क्षमता 8 से 10 घंटे की ही है। शनिवार रात को करीब 6 घंटे तक लगातार जनरेटर चलता रहा। बिजली ठीक होने में कुछ देर और हो जाती तो अस्पताल में हाहाकार मच जाता। अस्पताल में सैंकडों गर्भवती महिलाएं भर्ती रहती हैं। घटना के समय यहां एक हजार से ज्यादा लोग मौजूद थे.

इधर शनिवार रात की घटना के बाद रविवार को सुबह संभागायुक्त पवन कुमार शर्मा ने मेडिकल कालेज से जुड़े अस्पतालों का दौरा किया। उन्होंने अस्पतालों की बिजली व्यवस्था की मुख्य रूप से समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।