छिंदवाड़ा. मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक गांव में अनोखी घटना हुई। यहां के एक पुराने कुएं का पानी लेने के लिए लोगों की भीड़ लग गई. हैरान करने वाला यह मामला ग्राम सिंगोड़ी का है जहां सालों पुराने कुएं का पानी लेने के लिए लोगों में होड़ जैसी लग गई. दरअसल कुएं से एकाएक गरम पानी निकलने लगा था और जैसे ही यह बात फैली कुएं के पास गांववालों की भीड़ लग गई. लोग इसे आस्था से जोड़कर देखने लगे और इस चमत्कार मानते हुए कुएं से बाल्टियों व बोतलों में पानी भरकर घर ले गए।
सिंगोड़ी स्थित यह कुआं करीब 300 साल पुराना बताया जा रहा है। समाधि पर बने पुराने कुएं से गर्म पानी निकलने की बात जैसे ही फैली वैसे ही लोगों का हुजूम लगने लगा। देखते ही देखते यहां लोगों भीड़ लग गई। लोग इसे चमत्कार का नाम देने लगे और कई लोगों ने तो कुएं से निकला गर्म जल अपने शरीर पर छिड़क लिया. कई ग्रामीण कुएं का यह पानी बोतलों में भरकर अपने घर भी ले गए। कुएं से एकाएक गर्म जल क्यों निकलने लगा इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है।
जानकारी के अनुसार सिंगोड़ी में एक कबीरबाड़ा है जोकि एक कबीर पंथी गुरु की जीवित समाधि स्थल है. इसी से लगा हुआ पुराना कुआं है। बताते हैं कि कुएं से पिछले कुछ दिनों से गुनगुना सा पानी निकल रहा था लेकिन सोमवार रात इससे बहुत ज्यादा गर्म पानी निकलने लगा। इतना ही नहीं, कुएं के अंदर बुलबुले भी दिखाई देने लगे और भाप भी निकलने लगी।
यह खबर सुनते ही लोग कबीरबाड़ा पहुंचने लगे और कुएं से निकले जल को चमत्कारिक मानते हुए स्पर्श कर उसके गर्म होने की पड़ताल करने लगे। लोग इसे जीवित समाधि स्थल का चमत्कार मानते हुए पानी को अपने शरीर पर भी छिड़कने लगे. यहां उपस्थित कुछ लोगों ने इसे भूगर्भीय हलचल के कारण पानी गरम होना करार दिया. कुएं से अचानक गर्म पानी निकलने की अब भूगर्भ वैज्ञानिकों द्वारा जांच की बात कही जा रही है।