विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर ग्रीन भोपाल के संकल्प को समर्पित एक अभिनव अभियान का आगाज किया जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार 100 दिनों तक पौधरोपण किया जाएगा। सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत संस्था 'ड्रीम भोपाल- ग्रीन भोपाल' द्वारा की जा रही इस अभिनव पहल की शुरुआत रविवार शाम छह बजे सैर सपाटा से होगी।
अभियान को 'रीबूस्ट अर्थ' का नाम दिया गया है। इसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पर्यावरणप्रेमी व आमजन शामिल होकर अलग अलग स्थानों पर लगातार 100 दिनों तक पौधरोपण करेंगे। अभियान के तहत 3000 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सामाजिक सरोकारों के लिए प्रतिबद्ध 'न्यूजपुराण मीडिया नेटवर्क' इस अभियान का मीडिया पार्टनर है।
अभियान का उद्देश्य भोपाल की हरियाली को बनाए रखना और उसे सवंर्धित करने के साथ पर्यावरण को लेकर जागरुकता बढ़ाना है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी करीब सवा साल से 'एक पौधा रोज' के संकल्प के तहत रोजाना ही पौधरोपण कर रहे हैं। ‘ड्रीम भोपाल-ग्रीन भोपाल’ भी इस पौधरोपण अभियान के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के हरित प्रदेश के संकल्पों को साकार करने में योगदान देगी।
संस्था की इस पहल को 'श्रीशिवम', 'सेतु', 'पंख' और 'द अर्बन ग्रीन' का भी सपोर्ट मिला है। अभियान का रेडियो पार्टनर 'माय एफएम' है। राजधानी भोपाल के पर्यटन स्थल सैर सपाटा से अभियान की शुरुआत रविवार शाम होगी। इस दौरान कई विशिष्टजन मौजूद रहेंगे।