Vande Bharat Express: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (25 मई) को देहरादून से दिल्ली के बीच पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन किया. पीएम नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के सभी लोगों को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की बहुत-बहुत बधाई. दिल्ली और देहरादून के बीच चलने वाली यह ट्रेन, देश की राजधानी को देवभूमि से और तेज गति से जोड़ेगी. वंदे भारत से दिल्ली-देहरादून के बीच रेल सफर में अब समय भी काफी कम हो जाएगा.
देंखे लाइव-
उन्होंने आगे कहा, अभी मैं कुछ देर पहले ही तीन देशों की यात्रा करके लौटा हूं. आज पूरा विश्व भारत को बहुत उम्मीदों से देख रहा है. हम भारत के लोगों ने जिस तरह अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है, उसने पूरी दुनिया का विश्वास जगा दिया है. विश्व के लोग भारत को समझने के लिए, देखने के लिए भारत आना चाहते हैं. ऐसे में उत्तराखंड जैसे इतने सुंदर राज्यों के लिए यह बहुत बेहतरीन अवसर है. इस अवसर का पूरा लाभ उठाने में ये ‘वंदे भारत ट्रेन’ भी उत्तराखंड की मदद करने वाली है.
पीएम मोदी बोले, उत्तराखंड देवभूमि है, मुझे याद है जब मैं बाबा केदारनाथ का दर्शन करने गया था तो दर्शन के बाद अनायास ही मेरे मुख से कुछ पंक्तियां निकली थीं. ये पंक्तियां थीं, ये दशक उत्तराखंड का दशक होगा. उत्तराखंड आज जिस तरह से कानून व्यवस्था को सर्वोपरि रखते हुए, विकास को आगे बढ़ा रहा है, वो बहुत सराहनीय है.
उन्होंने आगे कहा, आज पूरा विश्व भारत को बड़ी उम्मीदों से देख रहा है. दुनिया भर के लोग भारत को एक्सप्लोर करना चाहते हैं, भारत को समझना चाहते हैं और यह उत्तराखंड जैसे खूबसूरत राज्य के लिए एक बड़ा अवसर बन जाता है. वंदे भारत ट्रेन राज्य के पर्यटन क्षेत्र में अच्छा योगदान देगी. मुझे विश्वास है कि ये देवभूमि आने वाले समय में पूरे विश्व की आध्यात्मिक चेतना के आकर्षण का केंद्र बनेगी. हमें इस सामर्थ्य के अनुरूप ही उत्तराखंड का विकास करना होगा.
पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले लंबे समय तक जिन दलों की सरकारें रहीं, उन्होंने देश की इस जरूरत को कभी समझा ही नहीं. उन दलों का ध्यान घोटालों पर था, भ्रष्टाचार पर था, परिवारवाद के अंदर ही वो सिमटे हुए थे. भारत में हाई-स्पीड ट्रेनों को लेकर भी पहले की सरकारों ने बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन कई-कई साल बीत गए, हाई-स्पीड ट्रेन तो छोड़िए, रेल नेटवर्क से मानवरहित फाटक तक हटा नहीं पाए थे. बिजलीकरण की स्थिति तो और बतदर थी.
उन्होंने आगे कहा, सफर के लिए वंदे भारत ट्रेन लोगों की पहली पसंद बनती जा रही है. बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के माध्यम से देश में तेजी से विकास सुनिश्चित किया जा सकता है. लेकिन पिछली सभी सरकारें देश के विकास में नहीं बल्कि भ्रष्टाचार, घोटालों और परिवारवाद को आगे बढ़ाने में लगी रहीं. 2014 के बाद ही देश में बदलाव दिखने लगा है. हमने रेलवे को बदलने के लिए समग्र प्रयास किए. यह सब आज संभव हुआ है, देश के विकास के लिए सही नीयत, सही नीति और परम निष्ठा रही है.