PM Modi Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 70 हजार युवाओं को नौकरी की सौगात दी है. पीएम मोदी ने आज मंगलवार यानी 13 जून को सुबह 10:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लगभग 70,000 नव नियुक्त भर्तियों को नियुक्ति पत्र दिए हैं. इन युवाओं को सरकार के विभिन्न विभागों में नौकरियां दी गई हैं.
देंखे लाइव-
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि ये रोजगार मेले NDA और भाजपा सरकार की नई पहचान बन गए हैं. मुझे खुशी है कि बीजेपी के शासन वाली सररकारें भी लगातार इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन कर रही हैं. जो लोग इस समय सरकारी नौकरी में आ रहे हैं उनके लिए यह बहुत ही महत्वपूर्ण समय है. आपके सामने अगले 25 साल में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है.
उन्होंने कहा, मुद्रा योजना से करोड़ों युवाओं को मदद मिली है. स्टार्ट-अप इंडिया और स्टैंड-अप इंडिया जैसे अभियानों से युवाओं का सामर्थ्य और ज्यादा बढ़ा है. सरकार से मदद पाने वाले ये नौजवान अब खुद अनेक युवाओं को नौकरी दे रहे हैं. आज पूरी दुनिया हमारी विकास यात्रा में साथ चलने को तत्पर है. भारत को लेकर विश्वास और हमारी अर्थव्यवस्था पर इतना भरोसा पहले कभी नहीं रहा. तमाम कठिनाइयों के बावजूद भारत अपनी अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है. विश्व की बड़ी-बड़ी कंपनियां उत्पादन के लिए भारत आ रही हैं.
पीएम मोदी बोले, आज भारत एक दशक पहले की तुलना में ज्यादा स्थिर, ज्यादा सुरक्षित और ज्यादा मजबूत देश है. राजनीतिक भ्रष्टाचार, योजनाओं में गड़बड़ी और जनता-जनार्दन के धन का दुरूपयोग, पुरानी सरकारों में यही पहचान बन गई थी लेकिन आज भारत सरकार की पहचान उसके निर्णायक फैसलों से हो रही है. आज भारत सरकार की पहचान उसके आर्थिक और प्रगतिशील सामाजिक सुधारों से हो रही है.
उन्होंने आगे कहा, हमारे जल जीवन मिशन पर 4 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. जब यह मिशन शुरू हुआ तो ग्रामीण इलाकों के 100 घरों में से 15 घरों में ही नल से जल आता था लेकिन आज इस मिशन के जरिए 100 में से 62 घरों में पाइप से पानी आने लगा है. आज देश के 130 जिलों में, सभी गांवों के प्रत्येक घर में नल से जल आता है.
पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया हमारी विकास यात्रा में शामिल होने के लिए तैयार है. वैश्विक विपरीत परिस्थितियों के बावजूद, भारत मजबूती से खड़ा है और अपनी अर्थव्यवस्था को नई और नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है. आज देश में अभूतपूर्व आर्थिक विकास हुआ है और विदेशी मुद्रा भंडार भी अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है.
उन्होंने बताया, देश में चल रहा यह रोजगार अभियान पारदर्शिता और सुशासन का भी प्रमाण है. हमने देखा है कि कैसे हमारे देश में परिवारवादी राजनीतिक दलों ने हर व्यवस्था में भाई-भतीजावाद को बढ़ावा दिया. जब सरकारी नौकरी की बात आती थी तो भी ये भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार ही करते थे. देश के करोड़ों लोगों के साथ इन पार्टियों ने विश्वासघात किया है. हमारी सरकार पारदर्शिता भी लाई है और हमने भाई-भतीजावाद को भी खत्म किया है.
पीएम मोदी बोले, एक दशक पहले की तुलना में आज भारत अधिक स्थिर, अधिक सुरक्षित और मजबूत राष्ट्र है. राजनीतिक भ्रष्टाचार और जनता के पैसे का दुरूपयोग पुरानी सरकारों की पहचान बन चुका था. लेकिन आज सरकार को उसके निर्णायक फैसलों के लिए, उसके आर्थिक और प्रगतिशील सामाजिक सुधारों के लिए पहचाना जा रहा है.
उन्होंने कहा कि एक तरफ परिवारवादी पार्टियां हैं, भ्रष्टाचार करने वाली पार्टियां हैं, देश के नौजवानों को लूटने वाली पार्टियां हैं. उनका रास्ता है 'रेट कार्ड' जबकि हम युवाओं के भविष्य को 'सेफ गार्ड' करने का काम कर रहे हैं. रेट कार्ड आपके सपनों को चूर-चूर कर देते हैं जबकि हम आपके संकल्पों को साकार करने में लगे हैं. आपकी और आपके परिवार की सभी इच्छाओं और आकांक्षाओं को 'सेफ गार्ड' करने में लगे हैं.