PM Modi in Bhopal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से लोकसभा चुनाव 2024 का आग़ाज कर दिया है. पीएम मोदी ने मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' अभियान को संबोधित करते हुए 2024 में भाजपा की जीत का दावा तक किया.

पीएम मोदी इस दौरान 23 जून को पटना में आयोजित विपक्षी एकजुटता पर भी जमकर गरजे. दरअसल, एक तरफ जब पूरा विपक्ष पटना में मोदी सरकार के खिलाफ एकजुट हो रहा था. तब प्रधानमंत्री मोदी अपनी 5 दिवसीय यात्रा पर अमेरिका और मिस्र गए हुए थे. अपनी यात्रा से लौटने के बाद उन्होंने आज पहली बार विपक्षी एकजुटता में शामिल सभी दलों पर जमकर निशाना साधा. इतना ही नहीं पीएम मोदी ने तो कांग्रेस पर लाखों करोड़ों के घोटाले का भी आरोप लगाया.

देंखे लाइव:

 

विपक्षी एकजुटता पर गरजे मोदी, बोले- 2024 में जीत तय

विपक्षी एकजुटता पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने राजधानी भोपाल में कहा, भाजपा के जो घोर विरोधी दल हैं. 2014 हो या 2019, दोनों ही चुनावों में उतनी छटपटाहट नहीं दिखी जितनी आज दिख रही है. जिन लोगों को पहले लोग अपना दुश्मन बताते थे, पानी पी-पी कर गाली देते थे, आज उनके सामने साष्टांग होते हैं. उनकी ये बेचैनी दिखलाती हैं कि देश की जनता ने 2024 के चुनाव में भाजपा को वापस लाने का मन बना लिया है.

जीत के दावे के साथ पीएम मोदी बोले, 2024 में फिर एक बार भाजपा की प्रचंड विजय तय है, इसी वजह से तमाम विपक्षी दल बौखलाए हुए हैं. आजकल बार-बार एक शब्द आता है- गारंटी. ये सारे विपक्षी दल, ये लोग गारंटी है भ्रष्टाचार की, ये गारंटी हैं लाखों-करोड़ रुपयों के घोटालों की.

कांग्रेस का अकेले ही लाखों करोड़ का घोटाला-PM

पटना में आयोजित विपक्षी एकजुटता पर पीएम मोदी बोले, कुछ दिन पहले इनका एक 'फोटो सेक्शन' कार्यक्रम हुआ. उस फोटो में जो लोग हैं उन सब का मिल कर टोटल लगाएंगे तो ये सारे मिलकर 20 लाख करोड़ रुपये के घोटाले की गारंटी हैं. कांग्रेस का अकेले ही लाखों करोड़ का घोटाला है. इन पार्टियों के पास घोटालों का ही अनुभव है और इसलिए इनकी अगर कोई गारंटी है तो वो है- घोटालों की गारंटी.

गारंटी पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा, आज मैं भी आपको एक गारंटी देना चाहता हूं- अगर उनकी घोटाले की गारंटी है, तो मोदी की भी एक गारंटी है और यह गारंटी है- हर घोटालेबाज पर कार्रवाई की गारंटी. हर चोर-लुटेरे पर कार्रवाई की गारंटी. जिसने गरीब को लूटा है, देश को लूटा, उसका हिसाब तो होकर ही रहेगा. अब जब जेल की सलाखें सामने दिख रही हैं तो इनकी ये जुगलबंदी हो रही हैं.

तमाम विपक्षी दलों पर साधा निशाना-

पटना में शामिल तमाम विपक्षी दलों पर सीधा हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, आपको गांधी परिवार के बेटे-बेटी का विकास करना हो तो कांग्रेस को वोट दीजिए, आपको मुलायम सिंह के बेटे का भला करना है तो फिर समाजवादी पार्टी को वोट दीजिए, अगर आप लालू परिवार के बेटे-बेटियों का भला करना चाहते हो तो RJD को वोट दीजिए, आपको शरद पवार की बेटी का भला करना हो तो एनसीपी को वोट कीजिये, अगर आपको अब्दुल्ला परिवार के बेटे का भला करना हो तो आप नेशनल कांफ्रेंस को वोट कीजिये, आपको करुणानिधि जी के बेटे-बेटियों, पोते-पोतियों का भला करना हो तो DMK को वोट कीजिये, आपको के.चंद्रशेखर राव की बेटी का भला करना हो तो आप BRS को वोट कीजिये.

उन्होंने आगे कहा, लेकिन मेरी बात ध्यान से सुनिएगा, सभी देशवासी सुने अगर आपको अपने बेटे-बेटी, पोते-पोती, नाती और अपने परिवार के बच्चों का भला करना है तो वोट भाजपा को ही दीजिए.

MP दौरे पर PM मोदी-

बता दें कि पीएम मोदी ने मंगलवार (27 जून) को भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से पांच वंदे भारत ट्रेन को झंडी दिखाई. जिसके बाद प्रधानमंत्री भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' अभियान के तहत 543 लोकसभाओं के 10 लाख और मध्यप्रदेश के 64,100 बूथ के कार्यकर्ताओं को डिजिटली संबोधित करने के लिए पहुंचे. यहां सभी राज्यों के विधानसभा क्षेत्रों से 3 हजार कार्यकर्ता भी मौजूद थे. पीएम ने यहां कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया. इसी दौरान एक सवाल के जवाब में विपक्षी दलों को जमकर घेरा.

https://www.newspuran.com/pm-modi-spoke-at-the-mp-booth-conference