आसमान में आज भारत की ताकत दिखेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को एयरो इंडिया 2023 के14वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। कर्नाटक के बेंगलुरू में वायुसेना के येलहंका एयर फोर्स स्टेशन में में  ‘एयरो इंडिया’ सैन्य विमानों, हेलीकाप्टरों, रक्षा उपकरणों और नए युग के एवियोनिक्स के निर्माण के लिए देश को एक उभरते हुए केंद्र के रूप में प्रदर्शित करेगा। 

एयरो इंडिया 2023 में 80 से ज्यादा देशों की भागीदारी देखी जाएगी। लगभग 30 देशों के मंत्रियों, वैश्विक और भारतीय ओईएम के 65 सीईओ के इस कार्यक्रम में भाग लेने की संभावना है। 

 पीएमओ के मुताबिक़  यह कार्यक्रम लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एलसीए)-तेजस, एचटीटी-40, डॉर्नियर लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर (एलयूएच), लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर (एलसीएच) और एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) जैसे स्वदेशी हवाई प्लेटफार्मों के निर्यात को बढ़ावा देगा। 


यह एशिया के सबसे बड़े एयर शो का 14वां एडिशन है। शो के लिए  केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बेंगलुरु पहुंच चुके हैं। एयर शो की थीम 'द रनवे टू ए बिलियन अपॉर्च्युनिटीज' है। कोरोना काल के बाद पहली बार इस शो में दर्शक भी शामिल हो रहे हैं।

13 फरवरी से 17 फरवरी तक चलने वाला यह शो मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड प्लान के मुताबिक स्वदेशी टेक्नोलॉजी को प्रदर्शित करने और विदेशी कंपनियों के साथ साझेदारी बनाने पर केंद्रित होगा।