प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (12 फरवरी) को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड राष्ट्र को समर्पित किया. दौसा से एक्सप्रेस-वे के पहले चरण का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया. पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पहले चरण को राष्ट्र को समर्पित करते हुए मुझे बहुत गर्व हो रहा है. ये देश के सबसे बड़े और सबसे आधुनिक एक्सप्रेस-वे में से एक है. ये विकसित भारत की एक और भव्य तस्वीर है. मैं दौसावासियों और देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं.

देंखे लाइव-

 

पीएम मोदी बोले, इस साल के बजट में हमने इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 10 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया है. यह राशि 2014 में प्रावधानित राशि का पांच गुना है. इस निवेश से राजस्थान को काफी फायदा होने वाला है. जब ऐसी आधुनिक सड़कें, आधुनिक रेलवे स्टेशन, रेलवे ट्रैक, मेट्रो और एयरपोर्ट बनते हैं तो देश की प्रगति को गति मिलती है. इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाला निवेश, उससे भी अधिक निवेश को आकर्षित करता है. बीते 9 वर्षों से केंद्र सरकार भी निरंतर इंफ्रास्ट्रक्चर पर बहुत बड़ा निवेश कर रही है.

उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, ये राजस्थान की, देश की प्रगति के दो मजबूत स्तंभ बनने वाले हैं. ये प्रोजेक्ट्स, आने वाले समय में राजस्थान सहित इस पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाले हैं. इस आधुनिक कनेक्टिविटी का लाभ सरिस्का टाइगर रिजर्व, केवलादेव और रणथम्भोर नेशनल पार्क, जयपुर, अजमेर जैसे अनेक पर्यटक स्थलों को भी होगा. देश और विदेश के पर्यटकों के लिए राजस्थान पहले ही आकर्षक रहा है, अब इसका आकर्षण और बढ़ जाएगा.

उद्घाटन के बाद जनसभा को किया संबोधित- देंखे लाइव

 

PM मोदी का विपक्ष पर वार-

राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. उससे पहले बीजेपी ने चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारना शुरू कर दिया है. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पहले चरण का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी बोले, आज राजस्थान के, देश के विकास का उत्सव है. आज देश में बन रहे सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण हुआ है. इस एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण से दौसा के अलावा अलवर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, बुंदी और कोटा जिले को लाभ होगा. राजस्थान की ये धरती शूरवीरों की धरती है. यहां बच्चे-बच्चे का सपना रहा है कि भारत दुनिया में किसी से भी कम न हो. आपके इसी सपने को पूरा करने के लिए अब भारत ने विकसित बनने का संकल्प लिया है. 

उन्होंने बताया कि बीते 9 वर्षों से केंद्र सरकार रोड, रेल, गरीबों के लिए घर, हर घर में जल, बिजली ऐसे हर इंफ्रास्ट्रक्चर पर पैसा खर्च कर रही है. इस बार के बजट में भी गांव, गरीब की सुविधाएं बढ़ाने के लिए सबसे अधिक बल इंफ्रास्ट्रक्चर पर दिया गया है. दशकों तक राजस्थान को कुछ लोगों ने बीमारू राज्य कहकर के चिढ़ाया है. लेकिन भाजपा राजस्थान को विकसित भारत का सबसे मजबूत आधार बना रही है. 

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने यहां मेहंदीपुर बालाजी और धौलपुर में मुचुकुंड धाम का विकास भी किया है. अपने आस्था स्थलों का विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में है. गरीब परिवारों को पहली बार शिक्षा और सरकारी नौकरियों में हमने आरक्षण दिया. OBC वर्ग को संवैधानिक सुरक्षा मिले, इसके लिए OBC आयोग को संवैधानिक दर्जा हमारी सरकार ने दिया है. ऑल इंडिया मेडिकल कोटे में OBC के लिए आरक्षण नहीं था, हमने ये भी सुनिश्चित किया है.

विकास कार्य का जिक्र करते हुए पीएम मोदी बोले, तारंगा हिल्स से अंबाजी होते हुए आबू रोड तक नई रेललाइन के निर्माण पर भी काम शुरू हो चुका है. इस रेल लाइन की मांग सौ साल से भी ज्यादा पुरानी है. जो अब भाजपा सरकार ने ही पूरी की है. आज वन रैंक वन पेंशन का लाभ राजस्थान के सैनिक परिवारों को मिल रहा है. हमने अंडमान निकोबार में द्वीपों के नाम परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर किये हैं.

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की सरकारें सीमा से जुड़े गांवों और शहरों का इसीलिए विकास नहीं करती थीं क्योकि वो डरती थीं कि कहीं दुश्मन हमारी ही बनाई सड़कों से चलकर देश के भीतर आ जाएगा. अब तक हमारे देश में बाजरा जैसे अन्न को मोटा अनाज कहकर एक प्रकार से निम्न भाव से देखा जाता था. लेकिन अब इस मोटा अनाज को हमने एक नई पहचान दी है. अब हमने इसका नया नामकरण किया है अब ये अन्न 'श्री अन्न' के नाम से जाना जाएगा और दुनिया में पहुंचेगा. 

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस जिस तरह चीजों को अटकाने-भटकाने और लटकाने की राजनीति करती है, उसमें विकास के कार्य कांग्रेस नेताओं द्वारा अधिकतर पटक ही दिए जाते हैं. ये लोग ना खुद काम करते हैं और ना ही दूसरों को करने देते हैं. कांग्रेस ने यहां क्या हाल बना दिया है, कांग्रेस कैसे सरकार चला रही है, ये राजस्थान के लोगों से छिपा नहीं है. अभी कुछ दिन पहले बजट सत्र के दौरान जो कुछ हुआ, उसकी चर्चा हर तरफ है. 

उन्होंने आगे कहा कि अब राजस्थान को अस्थिर सरकार से मुक्ति चाहिए, अनिश्चिताओं से मुक्ति चाहिए. अब राजस्थान को स्थिर और विकास वाली सरकार चाहिए, तभी राजस्थान में कानून का राज स्थापित हो पाएगा. तभी राजस्थान तेज विकास के रास्ते पर चल पाएगा.