देश के नए संसद भवन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे विधि-विधान से लोकार्पित किया। अधीनम मठ के पुजारियों ने संसद के नए भवन में पीएम मोदी को सेंगोल सौंपा। प्रधानमंत्री ने दंडवत प्रणाम के बाद इसे संसद में स्पीकर की कुर्सी के बगल स्थापित किया।

पीएम मोदी ने सेंगोल के साथ संसद के नए भवन में प्रवेश किया। इसके बाद पीएम मोदी ने इसे लोकसभा में स्थापित किया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नए संसद भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मौजूद रहे।

नए संसद भवन के उद्घाटन के बाद सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया। अलग-अलग धर्म के धर्मगुरुओं ने प्रार्थना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए संसद भवन के उद्घाटन के बाद भवन के निर्माण में काम करने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया।

वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से उद्घाटन कराने की मांग को लेकर कांग्रेस समेत 21 विपक्षी दलों के समारोह का बहिष्कार किया। दूसरी ओर 26 राजनीतिक पार्टियां सत्तापक्ष के साथ ऐतिहासिक मौके की गवाह बनी। समारोह के दौरान दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई।