PM Modi Japan Visit: पीएम मोदी G-7 समिट में हिस्सा लेने के लिए जापान के हिरोशिमा में है. उन्होंने विदेशी दौरे के दौरान अपने व्यस्त कार्यक्रमों में से समय निकालकर आज हिरोशिमा में अलग से एक जापानी डॉक्टर से मुलाकात की है. पीएम मोदी और डॉ. तोमियो मिजोकामी के बीच मुलाकात के नजारे देख भारत में भी लोग उत्सुक थे कि आखिर यह शख्स कौन है?
हाल ही में पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें भी ट्विटर पर पोस्ट की हैं. बता दें कि तोमियो मिजोकामी एक लेखक हैं. वह फर्राटेदार हिंदी और पंजाबी बोल सकते है. इसके अलावा उन्हें देश ने पद्मश्री से भी सम्मानित किया है. उन्होंने जापान में भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने और भारत-जापान संबंधों को मजबूत बनाने में बहुत योगदान दिया है.
उनका जन्म कोबे, जापान में हुआ था. जहां उस समय बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग रहते थे. तोमियो मिजोकामी भी उनकी हिन्दी सुनकर प्रभावित हुए और वे हिन्दी सीखने लगे. वह भारत के पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू के भी फैन हैं. तोमियो मिजोकामी ने पीएम मोदी से जापान में विश्व हिंदी सम्मेलन आयोजित करने का अनुरोध किया.
साथ ही उन्होंने कहा कि जब मैं छोटा था उस समय नेहरू का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खासा प्रभाव था. नेहरू हम जैसे युवाओं के लिए प्रेरणा थे क्योंकि नेहरू शांति और स्थिरता के हिमायती थे. तोमियो मिजोकामी को जापान में हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 2018 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.
इससे पहले यूपी सरकार ने उन्हें 2001 में हिंदी रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया था. तोमियो मिजोकामी ने कई साल भारत में भी बिताये हैं. उन्हें हिंदी के अलावा पंजाबी और बंगाली भाषा का भी अच्छा खासा अनुभव है.