एक छोटी सी चूक विपक्ष को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुटकी लेने का बड़ा मौका दे गई. पीएम मोदी ने कल लोकसभा, तो आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस का जवाब दिया. इस जवाब भाषण में एक ही विषय पर दो दिन में दो अलग-अलग तथ्य रखे जाने का आरोप लगा. इसके ज़रिये कांग्रेस ने पीएम मोदी पर कटाक्ष भी किया.
दोनों ही सदनों में पीएम मोदी ने भाषण के दौरान शेरो-शयरी, तो कभी नपे तुले शब्दों के ज़रिये राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे से लेकर तमाम विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए केंद्र सरकार की कई योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के आकड़ें तक बता दिए.
विपक्ष ने दोनों ही सदनों में भाषण के दौरान हंगामा तो किया लेकिन अंत में 'मोदी-मोदी' के नारों से सदन पीएम मोदी के पक्ष में ही जाता दिखा. इस दौरान विपक्ष भी 'मोदी-अडानी भाई-भाई' जैसे नारों के साथ हंगामा इसलिए कर रहा था क्योंकि उनकी मांग थी कि प्रधानमंत्री अडानी के मुद्दे पर सदन में कुछ कहें लेकिन ऐसा होता दिखाई नहीं दिया. उनका पूरा भाषण केंद्र सरकार की उपलब्धि और विपक्ष की कमजोरी पर ही फ़ोकस होता दिखाई दे रहा था.
इन सबके बीच अडानी का मुद्दा उठाते हुए सोशल मीडिया के ज़रिये छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दोनों ही सदनों में दिए पीएम मोदी के बयान की वीडियो क्लिप शेयर करते हुए लिखा कि “बस इतनी ही तेजी से उनके मित्र की संपत्ति बढ़ती गयी.”
इस ट्वीट के मायने समझे तो लोकसभा और राज्यसभा में पीएम मोदी ने भाषण के दौरान 'नल जल योजना' से लाभार्थियों का जो आकड़ा बताया वह दोनों ही सदनों में अलग-अलग था. मौका देख विपक्ष की तरफ से चुटकी लेते हुए सीएम बघेल ने अडानी के मुद्दे को पीएम मोदी के भाषण के बाद भी सदन के बाहर ताज़ा बनाये रखने के लिए ट्विट शेयर कर दिया.
दरअसल, कांग्रेस द्वारा जारी ट्वीट के मुताबिक, पीएम मोदी ने 8 फरवरी को लोकसभा में नल जल योजना से लाभार्थियों की संख्या 8 करोड़ तो वहीं राज्यसभा में 9 फरवरी को 11 करोड़ बताई. इस पर चुटकी लेते हुए कांग्रेस ने भी मौका देख वीडियो शेयर कर चौका मारते हुए पूछा लिया कि महज 21 घंटे में '𝟯 करोड़' लाभार्थी बढ़ गए, ये कौन सा जादू है?