PM Modi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी G-7 क्वाड ग्रुप सहित कई प्रमुख बहुपक्षीय शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए शुक्रवार से जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया के छह दिवसीय दौरे पर रहेंगे. पीएम मोदी इस यात्रा के दौरान 40 से ज्यादा कार्यक्रमों में शिरकत कर सकते हैं. शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी दो दर्जन से अधिक विश्व के कई बड़े नेताओं के साथ बातचीत करेंगे, जिसमें द्विपक्षीय बैठकें भी शामिल हैं.
विदेश सचिव ने दी यह जानकारी-
विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने संवाददाताओं को बताया कि पीएम मोदी 19 मई की सुबह जापानी शहर हिरोशिमा के लिए रवाना होंगे, जहां वह अपनी यात्रा के पहले चरण में वार्षिक G-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे.
उन्होंने कहा कि जापान के पीएम फुमियो किशिदा के निमंत्रण पर पीएम मोदी वहां जा रहे हैं. जापान G-7 समूह के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है और भारत को अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया है.
G-7 समूह की बैठक में इन मुद्दों पर होगी चर्चा-
विदेश सचिव ने कहा कि G-7 समूह की बैठक में प्राथमिकताओं से जुड़े कई विषयों पर चर्चा होगी. इसमें कनेक्टिविटी, सुरक्षा, परमाणु निरस्त्रीकरण, आर्थिक सुरक्षा, क्षेत्रीय मुद्दे, जलवायु परिवर्तन, भोजन और स्वास्थ्य, साथ ही विकास के साथ-साथ डिजिटलीकरण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी शामिल हैं.
उन्होंने बताया कि भारत तीन औपचारिक सत्र में भाग लेगा, जिसमें पहले दो सत्र 20 मई को और तीसरा सत्र 21 मई को होगा. पहले दो सत्रों के विषय खाद्य और स्वास्थ्य और लैंगिक समानता और जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण होंगे. साथ ही तीसरे सत्र में शांतिपूर्ण, टिकाऊ और प्रगतिशील दुनिया जैसे विषयों को शामिल किया गया है.
जापान में क्वाड बैठक होने की संभावना-
विदेश सचिव ने बताया कि इस सप्ताह जापान के हिरोशिमा में क्वाड समूह के नेताओं की एक बैठक होने की संभावना है. जिसमें पीएम मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, जापानी पीएम फुमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथोनी अल्बनीस हिस्सा लेंगे. हालांकि, अमेरिका में आर्थिक संकट के समाधान के लिए बाइडेन के ऑस्ट्रेलिया दौरे को स्थगित करने के बाद प्रस्तावित क्वाड देशों के नेताओं की सिडनी में होने वाली बैठक रद्द कर दी गई है.
जापान के पीएम के साथ द्विपक्षीय बैठक की संभावना-
विदेश सचिव ने बताया कि G-7 शिखर सम्मेलन से इतर पीएम मोदी जापान के पीएम और कुछ अन्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. उन्होंने कहा कि जापानी पीएम किशिदा के साथ पीएम मोदी की द्विपक्षीय वार्ता में आर्थिक मामलों और अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी.
पीएम मोदी हिरोशिमा में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे. क्वात्रा ने बताया कि पीएम मोदी जापान से पोर्ट मोरेस्बी की यात्रा करेंगे, जहां वह 22 मई को पापुआ न्यू गिनी के पीएम जेम्स मारापे के साथ भारत-प्रशांत द्वीप समूह सहयोग (FIPIC) शिखर सम्मेलन के तीसरे फोरम की सह-मेजबानी करेंगे.
पहली बार पापुआ न्यू गिनी का दौरा-
उल्लेखनीय है कि किसी भारतीय पीएम की पापुआ न्यू गिनी की यह पहली यात्रा होगी. 2014 में स्थापित FIPIC में भारत और 14 प्रशांत द्वीप देश शामिल हैं. इनमें फिजी, पापुआ न्यू गिनी, टोंगा, तुवालु, किरिबाती, समोआ, वानुअतु, नीयू, फ़ेडरेटेड स्टेट्स ऑफ़ माइक्रोनेशिया, रिपब्लिक ऑफ मार्शल आइलैंड्स, कुक आइलैंड्स, पलाऊ, नाउरू और सोलोमन आइलैंड्स शामिल हैं.
पापुआ न्यू गिनी में भी द्विपक्षीय बैठक होगी-
विदेश सचिव ने कहा कि पीएम मोदी मोरेस्बी में पापुआ न्यू गिनी के नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे. साथ ही उनका फिजी के पीएम रोबुका से भी मिलने का कार्यक्रम है. विदेश सचिव ने बताया कि अपनी यात्रा के तीसरे और अंतिम चरण में, मोदी क्वाड शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 22 से 24 मई तक सिडनी जाएंगे.
यह है ऑस्ट्रेलिया का कार्यक्रम-
उन्होंने कहा कि मोदी 24 मई को अपनी ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान पीएम एंथोनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. पीएम मोदी 23 मई को सिडनी में एक सामुदायिक कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के सीईओ और प्रमुख व्यापारियों के साथ बातचीत करेंगे और भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे. खालिस्तान से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारत ऑस्ट्रेलिया के साथ इस संवेदनशील मुद्दे को उठाता रहा है और बातचीत चल रही है.