PM Modi on Emergency: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त अपने मिस्र दौरे पर हैं. जहां उनके दौरे का आज अंतिम दिन है. पीएम मोदी रविवार रात 12 बजे मिस्र से वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे. लेकिन उससे पहले आज यानी रविवार (25 जून) के दिन आपातकाल की बरसी के मौके पर पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी, जो इस इमरजेंसी के दौर में अंतिम साँस तक लड़ते रहें. इस आपातकाल को आज पूरे 48 साल बीत गए हैं.

पीएम मोदी ने आपातकाल की बरसी के मौके पर ट्वीट करते हुए लिखा- मैं उन सभी साहसी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ जिन्होंने आपातकाल का विरोध किया और हमारी लोकतांत्रिक भावना को मजबूत करने के लिए काम किया. #DarkDaysOfEmergency हमारे इतिहास में एक अविस्मरणीय अवधि है, जो हमारे संविधान द्वारा बनाए गए मूल्यों के बिल्कुल विपरीत है.

वहीं, दूसरी तरफ आज आपातकाल की बरसी के दिन बीजेपी अलग-अलग जगहों पर इस दिन को 'काला दिवस' के रूप में मना रहीं हैं. बता दें कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कहने पर पूर्व राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने भारतीय संविधान की अनुच्छेद 352 के अधीन आपातकाल लगाने की घोषणा की थी. जिसके बाद 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक 21 महीने तक इमरजेंसी लागू की गई थी.