Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के तहत देशवासियों के साथ संवाद किया. मन की बात कार्यक्रम का ये 102वां प्रसारण था. मन की बात कार्यक्रम महीने के आखिरी रविवार को होता है लेकिन इस बार ये आज 18 जून को ही किया गया. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, बड़े से बड़ा लक्ष्य हो, कठिन से कठिन-चुनौती हो, भारत के लोगों का सामूहिक बल, सामूहिक शक्ति, हर चुनौती का हल निकाल देता है. बीते वर्षों में भारत ने आपदा प्रबंधन की जो ताकत विकसित की है, वो आज एक उदाहरण बन रही है.

देंखे लाइव-

 

उन्होंने आगे कहा, प्राकृतिक आपदाओं से मुकाबला करने का एक बड़ा तरीका 'प्रकृति का संरक्षण' है. आजकल मानसून के समय में तो इस दिशा में हमारी ज़िम्मेदारी और भी बढ़ जाती है. इसलिए ही आज देश, 'Catch the Rain' जैसे अभियानों के जरिए सामूहिक प्रयास कर रहा है. छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता के साथ ही उनकी Governance और उनके प्रबंध कौशल से भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है. विशेषकर जल-प्रबंधन और नौसेना को लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज ने जो कार्य किए, वो आज भी भारतीय इतिहास का गौरव बढ़ाते हैं. उनके बनाए जलदुर्ग, इतनी शताब्दियों बाद भी समंदर के बीच में आज भी शान से खड़े हैं.

पीएम मोदी बोले, भारत ने संकल्प किया है 2025 तक टी.बी. मुक्त भारत बनाने का, लक्ष्य बहुत बड़ा ज़रूर है. एक समय था जब टी.बी. का पता चलने के बाद परिवार के लोग ही दूर हो जाते थे, लेकिन ये आज का समय है, जब टी.बी. के मरीज को परिवार का सदस्य बनाकर उनकी मदद की जा रही है. जापान की तकनीक मियावाकी, अगर किसी जगह की मिट्टी उपजाऊ नहीं रही हो तो मियावाकी तकनीक उस क्षेत्र को फिर से हरा-भरा करने का बहुत अच्छा तरीका होती है.

उन्होंने आगे कहा, मियावाकी जंगल तेजी से फैलते हैं और दो-तीन दशक में जैव विविधता का केंद्र बन जाते हैं. अब इसका प्रसार बहुत तेजी से भारत के भी अलग-अलग हिस्सों में हो रहा है. जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के लोगों ने एक कमाल कर दिखाया है. बारामूला में खेती-बाड़ी तो काफी समय से होती है, लेकिन यहां दूध की कमी रहती थी. बारामूला के लोगों ने इस चुनौती को एक अवसर के रूप में लिया. यहां बड़ी संख्या में लोगों ने डेयरी का काम शुरू किया.

पीएम मोदी ने आगे कहा, इसी महीने खेल जगत से भारत के लिए कई बड़ी खुशखबरी आई हैं. भारत की टीम ने पहली बार Women's Junior Asia Cup जीतकर तिरंगे की शान बढ़ाई है. इसी महीने हमारी Men's Hockey Team Junior Asia Cup जीता है इसके साथ ही हम इस tournament के इतिहास में सबसे अधिक जीत दर्ज करने वाली टीम भी बन गए हैं.

उन्होंने बताया कि जैसे, अभी उत्तर प्रदेश में Khelo India University Game का आयोजन हुआ. इसमें युवाओं में खूब उत्साह और जोश देखने को मिला. इन खेलों में हमारे युवाओं ने ग्यारह record तोड़े हैं. इन खेलों में Punjab University, अमृतसर की Guru Nanak Dev University और कर्नाटका की Jain University, medal tally में पहले तीन स्थानों पर रही है.

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर पीएम मोदी बोले, इस वर्ष योग दिवस की theme है- Yoga for Vasudhaiva Kutumbakam यानि 'एक विश्व एक परिवार' के रूप में सबके कल्याण के लिए योग. यह योग की उस भावना को व्यक्त करता है, जो सबको जोड़ने वाली और साथ लेकर चलने वाली है. हर बार की तरह इस बार भी देश के कोने-कोने में योग से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.

उन्होंने बताया कि 20 जून को ऐतिहासिक रथयात्रा का दिन है. रथयात्रा की पूरी दुनिया में एक विशिष्ट पहचान है. देश के अलग-अलग राज्यों में बहुत धूमधाम से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जाती है. ओडिशा के पुरी में होने वाली रथयात्रा तो अपने आप में अद्भुत होती है. जब मैं गुजरात में था तो मुझे अहमदाबाद में होने वाली विशाल रथयात्रा में शामिल होने का अवसर मिलता था. भारत लोकतंत्र की जननी है, Mother of Democracy है. हम अपने लोकतांत्रिक आदर्शों को सर्वोपरि मानते हैं, अपने संविधान को सर्वोपरि मानते हैं, इसलिए हम 25 जून को भी कभी भुला नहीं सकते. यह वही दिन है जब हमारे देश पर इमरजेंसी (Emergency) थोपी गई थी. यह भारत के इतिहास का काला दौर था.