PM Modi US-Egypt Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका और मिस्र के 5 दिवसीय दौरे से कल देर रात स्वदेश लौट आये हैं. पीएम मोदी को रिसीव करने बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई सांसद एयरपोर्ट पहुंचे थे. इसके बाद अब बीजेपी की तरफ से इसे लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई है. जिसमें बीजेपी ने प्रधानमंत्री के इस दौरे को काफी अहम बताया.
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत को अपनी वास्तविक क्षमता का एहसास हुआ है. पिछले 9 वर्षों में देश में बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है. यह हमारे लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री द्वारा अपनाई गई स्वतंत्र विदेश नीति 'राष्ट्र-प्रथम' की भावना वाली रही है. आज विश्व में भारत की जितनी प्रशंसा और सराहना हो रही है, उतनी पहले कभी नहीं हुई.
देंखे लाइव-
उन्होंने आगे बताया, आज दुनिया के सभी देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर विश्वास जता रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी को इजिप्ट का सबसे बड़ा सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द नाइल' से सम्मानित किया जाता है तो ये सभी भारतवासियों के लिए गर्व की बात है. पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का कद वैश्विक मंच पर अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है.
टेक्नोलॉजी में भारत का दुनिया में एक स्थान बना-
अश्विनी वैष्णव ने कहा, उनका अमेरिका दौरा ऐतिहासिक रहा है. अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करते समय उन्हें जो तालियां मिलीं, वह न केवल प्रधानमंत्री, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के प्रति गहरा सम्मान दर्शाती है. पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन ने विश्वसनीय और सुरक्षित दूरसंचार प्रौद्योगिकियों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारत-अमेरिका साझेदारी को व्यापक बनाने के साथ-साथ उच्च प्रदर्शन कंप्यूटिंग और अंतरिक्ष में संबंधों को गहरा करने में एक बड़ी छलांग लगाई.
उन्होंने बताया कि पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरीके से इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री को ग्रो किया और कई ऐसे कदम उठाए जिससे कि आज टेक्नोलॉजी में देश का दुनिया में एक स्थान बना, उसी का परिणाम है कि सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री हिंदुस्तान में आई है. आज दुनियाभर में एकदम स्पष्ट है कि सेमीकंडक्टर का अगला बड़ा गंतव्य हिंदुस्तान होगा.
सेमीकंडक्टर को लेकर हुए तीन बड़े समझौते-
अश्विनी वैष्णव बोले, अभी सारी कंपनियों ने भारत को अलग नजर से देखा है और तीन महीने पहले ही सेमीकंडक्टर कॉरपोरेशन में भारत और अमेरिका के बीच MOU साइन हुआ है. इसका परिणाम यह है कि प्रधानमंत्री के अमेरिका दौरे के दौरान सेमीकंडक्टर को लेकर तीन बड़े समझौते हुए. अपनी अमेरिकी यात्रा के दौरान सेमीकंडक्टर्स के क्षेत्र में पीएम मोदी के तकनीकी सौदों के बाद, यह स्पष्ट है कि भारत सेमीकंडक्टर्स के लिए अगला बड़ा गंतव्य बनकर उभरेगा.
उन्होंने बताया कि यह डील निश्चित रूप से भारत की सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ावा देगी. लेकिन सेमीकंडक्टर उद्योग को विकसित करने के अपने निरर्थक प्रयासों के बाद, कांग्रेस पीएम मोदी के मजबूत नेतृत्व में इस विकास को देखकर पूरी तरह से निराश है.