'प्रोजेक्ट टाइगर' के 50 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के बांदीपुर टाइगर रिजर्व का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बांदीपुर टाइगर रिजर्व में सफारी का भी लुत्फ उठाया.

पीएम मोदी ने यहां कैमरे से कई यादगार तस्वीरें भी क्लिक की हैं. पीएम ने अपने हाथों से हाथी को गन्ना खिलाया और दूरबीन की मदद से इलाके के नजारे का लुत्फ उठाया.
बांदीपुर टाइगर रिजर्व-
पीएम मोदी ने बांदीपुर टाइगर रिजर्व में थेप्पाकडू हाथी शिविर का भी दौरा किया. ये वही एलीफैंट कैंप है, जहां ऑस्कर विनिंग फिल्म 'द एलिफेंट व्हिस्पर्स' के रघु भी रहते हैं.

यह 'द एलिफेंट व्हिस्पर्स' ऑस्कर जीतने वाली भारत की पहली डॉक्यूमेंट्री है. इस फिल्म ने विदेशी मंच पर इतनी ख्याति प्राप्त की है कि आज तक किसी को नसीब नहीं हुई. फिल्म में एक ऐसे जोड़े की कहानी दिखाई गई है जो हाथी के बच्चे को अपने बच्चे की तरह पालते हैं.
थेप्पाकडू हाथी शिविर का किया दौरा-
'प्रोजेक्ट टाइगर' शुरू होने के 50 साल पूरे होने पर मैसुरु में मेगा इवेंट का आयोजन किया गया है, जिसमें पीएम मोदी बाघों के नवीनतम आंकड़े जारी करने वाले हैं. देंखे लाइव-
इस ख़ास अवसर पर प्रधानमंत्री मैसूर और चामराजनगर जिलों में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेगा कार्यक्रम का भी उद्घाटन करेंगे.
पीएम मोदी ने शेयर की जंगल सफारी की तस्वीरें-
पीएम मोदी ने अपनी जंगल सफारी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं. इसके साथ उन्होंने लिखा कि सुबह का समय सुंदर बांदीपुर टाइगर रिजर्व में बिताया और भारत के वन्य जीवन, प्राकृतिक सुंदरता और विविधता की झलक देखी.
बांदीपुर टाइगर रिजर्व को 1973 में 'प्रोजेक्ट टाइगर' के तहत लाया गया था. इसके बाद, 880.02 वर्ग किलोमीटर में फैले रिजर्व में कई सन्निहित आरक्षित वन क्षेत्रों को जोड़ा गया. वर्तमान में 912.04 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्र बांदीपुर टाइगर रिजर्व के नियंत्रण में आता है.