प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (13 अप्रैल) युवाओं को बड़ी सौगात दी है. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिये पीएम मोदी ‘राष्ट्रीय रोजगार मेले’ में शामिल हुए हैं. इस मेले में 75,000 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा. पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ कर दिया हैं.

देंखे लाइव-

 

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज 70 हजार से ज्यादा युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नौकरी मिली है. आप सभी युवाओं को, आपके परिजनों को बहुत-बहुत बधाई. विकसित भारत की संकल्प से सिद्धि के लिए हमारी सरकार युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सही अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है.

उन्होंने आगे कहा, आज भारत दुनिया की सबसे तेज रफ्तार से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है. पूरी दुनिया कोविड के बाद मंदी से जूझ रही है, ज्यादातर देशों की अर्थव्यवस्था लगातार गिरती जा रही है. बावजूद इसके दुनिया भारत को एक Bright Spot के रूप में देख रही है. आज का नया भारत जिस नई नीति और रणनीति पर चल रहा है उसने देश में नई संभावनाओं और अवसरों के द्वार खोल दिए हैं.

पीएम मोदी बोले, आज युवाओं के सामने कई ऐसे सेक्टर खुल गए हैं जो 10 साल पहले युवाओं के सामने उपलब्ध ही नहीं थे. स्टार्टअप का उदाहरण हमारे सामने है. स्टार्टअप को लेकर आज भारत के युवाओं में जबरदस्त उत्साह है. एक रिपोर्ट के अनुसार, स्टार्टअप ने 40 लाख से ज्यादा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष जॉब क्रिएट की गई है. इसी प्रकार से ड्रोन सेक्टर भी है. वहीं, बीते 8-9 सालों में देश के स्पोर्ट्स सेक्टर का भी कायाकल्प हो गया है.

उन्होंने बताया कि आज भारत के युवाओं में स्टार्टअप्स को लेकर काफी उत्साह है. हाल ही की एक रिपोर्ट के अनुसार, स्टार्टअप्स ने देश में 40 लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित किए हैं. इसी तरह कोई और उद्योग हो या कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर सर्वे हो या स्वामित्व योजना, ड्रोन के इस्तेमाल की मांग होने लगी है. इसलिए, आजकल युवा ड्रोन निर्माण और ड्रोन उड़ाने में बहुत अधिक रुचि रखते हैं.

पीएम मोदी ने कहा, पिछले 8-9 साल बदलाव के साल रहे हैं. आज, नए स्टेडियम और नई अकादमियां स्थापित की जा रही हैं. इसके अलावा, देश में खेल बजट दोगुना होने से युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खुल रहे हैं. 

उन्होंने बताया कि 'आत्मनिर्भर भारत अभियान' की सोच और अप्रोच केवल स्वदेशी अपनाने और 'वोकल फॉर लोकल' से कहीं ज्यादा है. यह सीमित दायरे वाला मामला नहीं है. 'आत्मनिर्भर भारत अभियान' गांव से लेकर शहरों तक, भारत में रोजगार के करोड़ों अवसर पैदा करने वाला अभियान है. आज आधुनिक सैटेलाइट से लेकर सेमी हाई स्पीड ट्रेन तक भारत में ही निर्मित हो रहे हैं.

पीएम मोदी बोले, देश में पूंजीगत व्यय, पिछले 9 वर्षों में, पहले के मूल्य से 4 गुना बढ़ा दिया गया है. इससे रोजगार के अवसर के साथ-साथ लोगों की आय दोनों में वृद्धि हुई है. भारत की टॉय इंडस्ट्री का उदाहरण आपके सामने है. दशकों तक भारतीय बच्चे विदेशों से इम्पोर्ट किए खिलौने से ही खेलते रहे. 

उन्होंने आगे कहा, न तो उनकी क्वालिटी अच्छी थी और ना ही वो भारतीय बच्चों को ध्यान में रखकर बनाये जाते थे. हमने आयात होने वाले खिलौने के लिए क्वालिटी पैरामीटर तय किए और अपनी स्वदेशी इंडस्ट्री को बढ़ावा देना शुरू किया. 3-4 वर्ष में ही टॉय इंडस्ट्री का कायाकल्प हो गया और रोजगार के अनेकों नए अवसर तैयार हुए. 

आकड़ों के ज़रिये विपक्ष पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी बोले, 2014 के पूर्व के समय में, रेलवे लाइनों के लगभग 20,000 किमी के विद्युतीकरण को पूरा करने में 7 दशक लग गए और 2014 के बाद की अवधि में, देश में लगभग 40,000 Rkm रेलवे लाइनों के विद्युतीकरण में सिर्फ 9 साल लगे.

उन्होंने आगे कहा, हमारे देश में दशकों तक यह अप्रोच भी हावी रही कि Defense Equipment केवल आयात किए जा सकते हैं, बाहर से ही लाए जा सकते हैं. हम अपने देश के निर्माताओं पर उतना भरोसा नहीं करते थे. हमारी सरकार ने इस अप्रोच को भी बदला. हमारी सेना ने 300 से ज्यादा ऐसे साजो-सामान और हथियारों की लिस्ट तैयार की है, जो अब भारत में ही बनाए जाएंगे और भारत की इंडस्ट्री से ही खरीदे जाएंगे.

पीएम मोदी बोले, सूक्ष्म वित्त की शक्ति आज सबके सामने स्पष्ट है. कुछ अज्ञानी लोग अभी भी सूक्ष्म वित्त क्रांति का उपहास उड़ाते हैं क्योंकि वे आम आदमी की क्षमता से अनभिज्ञ हैं. Employment Generation का एक और पक्ष है और वो है Infrastructure Projects में सरकार द्वारा किया गया निवेश. जब सरकार Capital Expenditure पर खर्च करती है तो बड़े पैमाने पर रोड, रेलवे, पोर्ट, बहुत सी चीजें तैयार हो जाती हैं.

उन्होंने बताया कि हमारी सरकार के दौरान बीते 8-9 वर्षों में Capital Expenditure में 4 गुना की वृद्धि हुई है. इससे रोजगार के नए अवसर और लोगों की आय दोनों में वृद्धि हुई है. 2014 से पहले एक महीने में सिर्फ 600 मीटर नई मेट्रो लाइन बनाई जाती थी, आज हम हर महीने लगभग 6 किलोमीटर नई मेट्रो लाइन बना रहे हैं. तब हिसाब मीटर में होता था और आज किलोमीटर में हो रहा है. 

पीएम मोदी ने कहा, 2014 में देश में 70 से भी कम जिलों में गैस नेटवर्क का विस्तार हुआ था और आज यह संख्या बढ़कर 630 पहुंच गई है. आप अंदाजा लगा सकते हैं कि जब गांव में सड़क पहुंचती है तो उसका क्या प्रभाव होता है. इससे पूरे इको-सिस्टम में तेजी से रोजगार का सृजन होने लगता है. 2014 तक ग्रामीण इलाकों में सड़कों की लंबाई भी 4 लाख किलोमीटर से कम थी, लेकिन आज ये आंकड़ा बढ़कर सवा 7 लाख किलोमीटर से ज्यादा हो चुकी है.

उन्होंने आगे कहा, मैं आप सभी से इस तरह काम करने का आग्रह करता हूं कि लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़े. उनका जीवन बेहतर हो और सिस्टम में लोगों का विश्वास मजबूत हो. 

पीएम मोदी बोले, आपको यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आप हमेशा नई चीजें सीखने के प्रति उत्साही रहें. यह आपके काम के साथ-साथ व्यक्तित्व दोनों में गुणवत्ता बढ़ाएगा. आपको iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म से जुड़ना चाहिए.

उन्होंने कहा, देश का हेल्थ सेक्टर भी Employment Generation का बेहतरीन उदाहरण बन रहा है. 2014 में भारत में 400 से भी कम मेडिकल कॉलेज थे जबकि आज 660 मेडिकल कॉलेज हैं. आज पहले के मुकाबले दोगुनी संख्या में डॉक्टर तैयार हो रहे हैं. Infrastructure का हर प्रोजेक्ट रोजगार और स्वरोजगार में बढ़ोतरी सुनिश्चित कर रहा है.