उज्जैन आने वाले देश के नौवें राष्ट्रपति होंगे रामनाथ कोविंद। पहले राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद भी आ चुके हैं दर्शन करने।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के स्वागत और खातिरदारी के लिए इस बार खास इंतजाम किए गए है। वे 29 मई को सुबह 10 बजे कालिदास संस्कृत अकादमी के पंडित सूर्यनारायण व्यास संकुल में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होंगे। यहां तकरीबन एक घंटा रुकने के बाद वे महाकाल मंदिर में पूजा करने जाएंगे। इसके बाद सर्किट हाउस पर लंच लेकर इंदौर के लिए रवाना होंगे।

आयुर्वेद महासम्मेलन और प्रशासन ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की खातिरदारी के लिए खास इंतजाम किए हैं। राष्ट्रपति जिन मार्गों से गुजरेंगे उनका डामरीकरण किया गया है। सर्किट हाउस और पंडित सूर्यनारायण व्यास संकुल को तो पूरी तरह रिनोवेट किया गया है। राष्ट्रपति के स्वागत व सम्मान के लिए आयुर्वेद महासम्मेलन ने तो बहुत खास काम किया है। यहां भगवान धन्वंतरि की पंचधातु से बनी डेढ़ फीट ऊंची मूर्ति बनवाई और तांबे का अमृत कलश भी बनवाया है।
वर्ष 1958 के अखिल भारतीय कालिदास समारोह के उद्घाटन में राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद आए थे। तब वे प्रोटोकाल तोड़कर उनके एक अभिन्न मित्र स मिलने आए थे। उन्होंने उनके घर जाकर परिवार के साथ भोजन भी किया था। सन 2008 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल यहां अपने भाई रंजीतसिंह पाटिल के घर आई थीं। तब उन्होंने भी प्रोटोकाल तोड़कर महाकाल मंदिर में पूजन किया था।
उज्जैन आए ये राष्ट्रपति :
राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद 1958
राष्ट्रपति डा. राधाकृष्ण 1963
राष्ट्रपति ज्ञानी जेल सिंह 1985
राष्ट्रपति आर. वेंकटरमन 1990
राष्ट्रपति शंकरदयाल शर्मा 1995
राष्ट्रपति केआर नारायणन 2000
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल 2008
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 2013