जंतर-मंतर पर पहलवानों के धरने का शनिवार (29 अप्रैल) को सातवां दिन है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शनिवार सुबह जंतर-मंतर पहुंची। प्रियंका ने धरने पर बैठे रेसलर्स से मुलाकात की और उन्हें समर्थन दिया। इस दौरान प्रियंका गांधी ने महिला पहलवानों से अलग से बात की।
इससे पहले शुक्रवार को देर रात बृजभूषण के खिलाफ दिल्ली के कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दो FIR दर्ज की गई हैं। पहली FIR में दिल्ली पुलिस ने एक नाबालिग रेसलर से यौन शोषण के मामले में बृजभूषण पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, दूसरी FIR अन्य 6 महिला रेसलर्स के यौन शोषण के आरोप में दर्ज हुई है। 21 अप्रैल को एक नाबालिग समेत 7 महिला रेसलर्स ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन शोषण की शिकायत की थी। केस ना दर्ज होने पर रेसलर्स ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान पुलिस ने WFI अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ केस दर्ज करने की बात कही थी।
इस बीच पहलवानों ने साफ कर दिया है कि उनका धरना अभी खत्म नहीं होगा।शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में विनेश फोगाट ने कहा कि हमें सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है। बृजभूषण सिंह को सभी पदों से हटाया जाना चाहिए, वे अपने पद का दुरुपयोग कर सकते हैं। हमें किसी समिति या समिति के सदस्य पर भरोसा नहीं है। यह लड़ाई केवल FIR की नहीं है। लड़ाई बृजभूषण सिंह को सजा दिलाने की है। बृजभूषण सिंह को जेल होनी चाहिए।