Rahul Gandhi Manipur Visit: कांग्रेस नेता राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर ‘शांति संदेश’ लेकर हिंसा प्रभावित राज्य मणिपुर पहुंचे. यहां उनके काफिले को हिंसा की आशंका के चलते मणिपुर पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक दिया. दरअसल, राहुल गांधी 29 जून यानी आज इंफाल पहुंचने के बाद चुराचांदपुर के लिए रवाना हुए थे, लेकिन विष्णुपुर के पास पुलिस ने उनका काफिला रोक दिया.

काफिला रुका तो कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा-

उधर काफिला रुका तो इधर कांग्रेस-बीजेपी आमने सामने आ गई. पहले कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी मणिपुर हिंसा के पीड़ितों से मिलने जा रहे थे. बीजेपी सरकार ने पुलिस लगाकर उन्हें रास्ते में रोक दिया. राहुल गांधी शांति का संदेश लेकर मणिपुर गए हैं. सत्ता में बैठे लोगों को शांति, प्रेम, भाईचारे से सख्त नफरत है. लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए, ये देश गांधी के रास्ते पर चलेगा, ये देश प्यार के रास्ते पर चलेगा.

राहुल का काफिला रोके जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बोले, मणिपुर में राहुल गांधी के काफिले को विष्णुपुर के पास पुलिस ने रोक दिया. वह राहत शिविरों में पीड़ित लोगों से मिलने और संघर्षग्रस्त राज्य में राहत पहुंचाने के लिए वहां जा रहे थे. पीएम मोदी ने मणिपुर पर अपनी चुप्पी तोड़ने की जहमत नहीं उठाई है. उन्होंने राज्य को अपने हाल पर छोड़ दिया है. अब, उनकी डबल इंजन वाली विनाशकारी सरकार राहुल गांधी को रोकने के लिए निरंकुश तरीकों का इस्तेमाल कर रही हैं. यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है और सभी संवैधानिक और लोकतांत्रिक मानदंडों को तोड़ता हैं. मणिपुर को शांति की जरूरत है, टकराव की नहीं.

बीजेपी बोली- उन्हें मणिपुर जाने से किसी ने नहीं रोका

वहीं, अब इस मुद्दे पर बीजेपी ने भी कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है. बीजेपी की तरफ से संबित पात्रा ने प्रेस कांफ्रेंस कर राहुल गांधी की मणिपुर यात्रा पर कटाक्ष किया. संबित पात्रा बोले, राहुल गांधी के मणिपुर जाने से पहले वहां की ऑल मणिपुर स्टूडेंट यूनियन ने राहुल गांधी के विजिट को बायकॉट करने की मांग की है. कई सिविल सोसायटी ऑर्गेनाइजेशन ने भी आह्वान किया था कि राहुल गांधी मणिपुर न आयें और यहां चिंगारी भड़काने का काम न करें.

संबित पात्रा ने आगे कहा, हमें मीडिया के माध्यम से पता चला है कि राहुल गांधी मणिपुर का दौरा कर रहे हैं. जिद से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है संवेदनशीलता. हम एक लोकतांत्रिक देश हैं और इसलिए उन्हें मणिपुर जाने से किसी ने नहीं रोका. हालांकि, मणिपुर प्रशासन ने बताया कि राहुल के दौरे की खबर सामने आने के बाद से उनके मणिपुर दौरे पर कई बार विरोध प्रदर्शन हुआ है. इस बयान के मायने यही हैं कि हिंसा की आशंका के चलते मणिपुर पुलिस ने उनके काफिले को रोक दिया.  

देंखे लाइव-