कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन के आखिरी दिन (26 फरवरी) राहुल गांधी ने पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. इस दौरान राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो यात्रा' का जिक्र करते हुए कहा कि मैं सोचता था कि फिट हूं, 20-25 KM चल लूंगा लेकिन यात्रा शुरू होते ही घुटने का पुराना दर्द लौट आया और 10-15 दिनों में मेरा अहंकार खत्म हो गया. भारत माता ने मुझे संदेश दिया कि तुम अगर कन्याकुमारी से कश्मीर तक चलने निकले हो तो दिल से अहंकार मिटाओ, वर्ना मत चलो.

देंखे लाइव-

 

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि मैंने भी लाल चौक पर तिरंगा फहराया था. प्रधानमंत्री को फर्क समझ नहीं आया. नरेंद्र मोदी जी ने बीजेपी के 15-20 लोगों के साथ लाल चौक पर तिरंगा फहराया. 'भारत जोड़ो यात्रा' ने कश्मीर के लाखों युवाओं के हाथ से तिरंगा फहराया.

RSS-BJP पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हम सत्याग्रही हैं और RSS-BJP वाले सत्ताग्रही हैं. ये सत्ता के लिए कुछ भी कर लेंगे. किसी से मिल जाएंगे, किसी के सामने झुक जाएंगे, ये इनकी सच्चाई है. मोदी सरकार के एक मंत्री ने कहा- चीन की अर्थव्यवस्था हिंदुस्तान से बड़ी है, तो हम उनसे कैसे लड़ सकते हैं? जब अंग्रेज हम पर राज करते थे, तो क्या उनकी अर्थव्यवस्था हमारी अर्थव्यवस्था से छोटी थी? इसका मतलब है कि जो आपसे शक्तिशाली है, उसके सामने अपना सिर झुका दो..!

राहुल गांधी ने अडानी का मुद्दा उठाते हुए बताया कि संसद में मैंने पूछा कि अडानी का PM मोदी से क्या रिश्ता है? तो पूरी सरकार और सारे मंत्री अडानी की रक्षा करने लगे. कहते हैं कि जो अडानी पर हमला करता है, वह देशद्रोही है. मतलब अडानी सबसे बड़े देशभक्त बन गए. इससे सवाल उठता है कि BJP-RSS अडानी की रक्षा क्यों कर रही है? 

उन्होंने आगे कहा कि हम अडानी पर सवाल पूछते रहेंगे, कांग्रेस इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी. ये शेल कंपनियां जो हजारों-करोड़ भारत में भेज रही हैं, ये किसका पैसा है? अडानी जी डिफेंस इंडस्ट्री में काम करते हैं पर सरकार को नहीं पता कि अडानी की विदेशों में शेल कंपनियां हैं. जांच क्यों नहीं हो रही, JPC क्यों नहीं? देश की रक्षा का मामला है. 

राहुल गांधी ने आगे कहा कि ऑस्ट्रेलिया की एक फोटो में मोदी जी, SBI चेयरपर्सन और अडानी साथ बैठे दिखते हैं. SBI, अडानी को 1 बिलियन डॉलर का लोन दे रहा है. तो वहां मोदी जी क्यों बैठे हैं? क्या रिश्ता है? वो सीधा कहते हैं कि 'कोई रिश्ता नहीं है' लेकिन रिश्ता है क्योंकि अडानी और मोदी जी एक हैं और देश का पूरा का पूरा धन एक आदमी के हाथ में जा रहा है.

राहुल गांधी ने बताया कि जब हम सदन में सवाल पूछते हैं तो मेरी और खरगे जी की स्पीच हटा दी जाती है. हम हजार बार सवाल पूछेंगे. जब तक सच्चाई सामने नहीं आएगी, तब तक सवाल पूछेंगे. अडानी की कंपनी में काम करने वालों से मैं कहना चाहूंगा कि आपकी कंपनी देश को नुकसान पहुंचा रही है. आजादी की लड़ाई भी ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ हुई थी, वह भी एक कंपनी थी. उस कंपनी ने भी भारत का सारा धन और इन्फ्रास्ट्रक्चर उठा लिया था. एक बार फिर इतिहास दोहराया जा रहा है.